1100 कर्मचारी हड़ताल पर, तीन दिन नहीं उठेगा कूड़ा, निगम अधिकारियों का वैकल्पिक व्यवस्था पर नहीं ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
सफाई कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल से ट्विन सिटी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। शहर में सफाई का जिम्मा संभालने वाले 1100 कर्मचारी इस समय हड़ताल पर है। घरों से कूड़ा कलेक्शन का कार्य भी प्रभावित है, डंपिंग स्टेशनों पर पुराना कूड़ा हवा के झोंकों के साथ उड़ता हुआ सड़कों पर बिखर रहा है। वहीं निगम अधिकारी मौन है, वैकल्पिक व्यवस्था की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा जबकि लोग परेशानी झेल रहे हैं। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण निगम ऑफिसों में होने वाला अन्य कार्य भी प्रभावित हुआ है।
सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते अंबाला सिटी और कैंट की मुख्य गलियां व सड़कें कचरे के ढेर में तब्दील हो गई हैं। कैंट में मुख्य सदर बाजार के अलावा, राय मार्केट, निकलसन रोड, कबाड़ी बाजार, सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों में कचरे के ढेर हैं जबकि महेशनगर, बीडी फ्लोर मिल आदि क्षेत्र की कालोनियों में कचरा फैलने लोगों का बुरा हाल है। यही स्थिति सिटी में जगाधरी गेट, पॉलीटेक्निक चौक, कपड़ा मार्केट, प्रेम नगर, राम नगर आदि क्षेत्रों का है।
शुक्रवार को भी हड़ताल पर रहेंगे कर्मी
सफाई कर्मियों ने शुक्रवार को भी हड़ताल का आह्वान किया है और इसके बाद शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। इस वजह से यानि छह दिन तक ट्विन सिटी का कूड़ा सड़कों पर रहेगा। इतना ही नहीं घरों से भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन सेवा प्रभावित हुई है। कालोनियों में कचरा इकट्ठा करने वाले कर्मी नहीं आ रहे। गली मोहल्लों में भी कचरे के ढेर लगने लगे है। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने के कारण पूर्व में चलाया गया मिशन ओए अभियान भी फ्लॉप हो गया है। कूड़ा कलेक्शन नहीं हो रही है जबकि विभिन्न स्थानों पर बनाए गए डंपिंग स्टेशन अब बंद पड़े हैं।
कंप्यूटर ऑपरेटर और क्लर्क भी रहे हड़ताल पर
सफाई कर्मियों के अलावा निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर और क्लर्क भी हड़ताल पर रहे जिस कारण सिटी और सदर निगम में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ई-दिशा केंद्रों पर बिल कलेक्शन का काम प्रभावित हुआ जबकि टैक्स व वाटर ब्रांच में भी कामकाज कुछ हद तक बाधित हुई। इसके अलावा नक्शे आदि की म्यूटेशन को लेकर आने वाले लोगों को भी हड़ताल से परेशानी हुई। उन्हें भी स्टाफ ने हड़ताल का हवाला देते हुए वापस लौटाया गया।
यह बोले लोग
सिटी निगम कार्यालय में पहुंचे प्रेम नगर निवासी अमित ने कहा कि उसने म्यूटेशन के लिए आवेदन करना था, मगर उसे हड़ताल की बात कहकर अब बाद में आने को कहा गया है। यदि हड़ताल है तो निगम को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
विजय नगर निवासी नरेंद्र ने कहा कि उनकी कॉलोनी में दो दिन से कूड़ा नहीं उठा। उसने स्वच्छ एप के माध्यम से भी इसकी शिकायत की, मगर अभी तक कोई कर्मी नहीं आया है। यह बताया गया है कि सफाई कर्मी हड़ताल पर है।
यह है मुख्य मांगें
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम में जिला प्रधान प्रदीप मचल की अध्यक्षता में कर्मचारी हड़ताल पर रहे। प्रधान मचल ने कहा कि कुछ लोग सरकार के साथ मिलकर इस हड़ताल को असफल बनाने की योजना बना रहे हैं, परंतु उनकी यह मंशा पूरी नहीं होने दी जाएगी और कर्मचारियों को भी इनके बहकावे में आने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। समान काम, समान वेतन का लाभ मिले। पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए। सरकार ने यदि समय रहते इनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान महासचिव संत राम सौदा, चेयरमैन मंगत राम, राजेंद्र मेहता प्रधान, चमन लाल मचल, विनोद कुमार, प्रेम मचल, लक्ष्मण मचल, जसविंद्र सौदा, पपिंद्र सिंह, राजेश कुमार, वकील सिंह, लक्ष्मण दास, विजेंद्र सहित काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।