सकारात्मक राजनीति की पक्षधर है भाजपा : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी विधानासभा में विकास कार्यों का लेखा-जोखा देते हुए कहा कि विकास के मामले में किसी से भी भेदभाव नहीं किया गया है। विज सोमवार को बब्याल गांव में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मदन लाल शर्मा द्वारा आयोजित सभा में बोल रहे थे।
विज ने कहा कि 70 वर्ष तक पूर्ववर्ती सरकारों ने झूठे वायदे करने और आपस में लड़ाई-झगड़े करवाने की राजनीति की है लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार विकासपरक सोच की सकारात्मक राजनीति करने की पक्षधर है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के एक समान विकास किया जा रहा है। सड़क, पानी और बिजली जैसी मूल सुविधाओं से वंचित जनता को विशेष प्राथमिकता पर उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर नकेल लगाकर सरकार द्वारा विकास के लिए दी जाने वाली राशि का एक-एक पैसा खर्च किया जा रहा है। पहली बार प्रदेश में मेरिट के आधार पर योग्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र में सिविल अस्पताल, खेल स्टेडियम, रिजनल साइंस सेंटर, बाढ़ नियंत्रण परियोजनाएं सहित बड़ी परियोजनाओं का काम आरंभ करवाया गया है। सभा के दौरान काफी संख्या में लोगों ने भाजपा को ज्वाइन किया। इस अवसर पर भाजपा के राजीव डिंपल, राजेश सचदेवा, मुकेश राणा, अनिल मेहता, विशाल शर्मा, विकास शर्मा, नरेंद्र राणा, नरेश गर्ग, डिंपल राणा, डॉ. राम लाल, राकेश कुमार, वीके मेहता, रमेश सैनी, नंद लाल, बलराज मलिक, आरपी शर्मा, रामकुमार शर्मा, अशोक शर्मा, कप्तान जागीर सिंह, आरडी वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।