अंबाला सिटी की अनाज मंडी में नमी के कारण गेहूं सुखा रहे पल्लेदार। संवाद
- सरकारी खरीद के दूसरे दिन एडीसी और एसडीएम ने किया अनाज मंडी का मुआयना
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। वीरवार को जिले की अनाज मंडियों में किसान गेहूं लेकर पहुंचे। गेहूं की आवक के बाद बॉयोमीट्रिक को लेकर कोई खास परेशानी देखने को नहीं मिली। हालांकि अभी कम ही किसान आ रहे हैं। दिनभर में मंडियों में खरीद एजेंसियों ने 371 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा। सबसे सबसे अधिक खरीद मुलाना मंडी में देखने को मिल रही है।
जिले में 15 मंडियों को गेहूं खरीद के लिए अधिकृत किया गया है, इनमें से पांच मंडियों में ही खरीद हुई। जिले में 74 किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंचे। बीच-बीम में आई बारिश ने किसानों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। मंडी में जो गेहूं आ रहा है उसमें 15 से 18 प्रतिशत की नमी पाई जा रही है। मार्केट कमेटी ने सरकारी निर्देशानुसार 12 मॉइश्चर की गेहूं लेने का निर्णय लिया है।
सिटी मंडी में 150 क्विंटल गेहूं नमी के कारण नहीं खरीदा
अंबाला शहर की अनाज मंडी में गेहूं 773 किवंटल गेहूं की आवक हुई। बिगड़ते मौसम के चलते पकी हुई गेहूं में भी नमी आ रही है। इसमें से 623 क्विंटल गेहूं एमएसपी पर खरीद लिया गया। वहीं करीब 150 क्विंटल गेहूं में 15 से 18 की नमी थी। इन किसानों को पंखा लगाकर फसल दोबारा लाने को कहा गया है। वहीं नमी आने पर मंडी में किसान गेहूं को सुखाते नजर आए। एडीसी विराट शर्मा व एसडीएम दर्शन कुमार ने अन्य कर्मचारियों के साथ मंडी का मुआयना भी किया। दोनों अधिकारियों ने खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर क्रांति कुमार के साथ गेहूं की बिक्री, उठान, बारदाना, जे फॉर्म व आई फार्म आदि के बारे विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर उनके साथ अंबाला शहर मार्केट कमेटी के सचिव दलेल सिंह, मंडी सुपरवाइजर जयपाल, सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
किस मंडी में किस एजेंसी ने की खरीद
मंडी- हैफेड- एचडब्ल्यूसी
अंबाला सिटी- 62- 0
मुलाना- 0- 227
साहा- 0- 25.4
बराड़ा- 45- 0
शहजादपुर 12- 0
कुल- 119 - 252.4
(आंकड़े मीट्रिक टन में)