संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। खुड्डा खुर्द के निकट ओम नगर में चोरों ने एक बंद मकान के ताले चटकाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार जब रिश्तेदारी से लौटा तो घर के हालात देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। चोरों न साढ़े तीन लाख की नकदी के अलावा सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण भी चोरी कर लिए। महेश नगर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके के सीसीटीवी खंगाले।
पीड़ित जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह शनिवार को सुबह करीब 10:30 बजे परिवार सहित लुधियाना गए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे जब वह वापस लौटे तो पड़ोसियों ने उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी। घर के अंदर जाने पर अलमारी, संदूक, पेटी और बेड का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। सोने के आभूषणों में 2 सेट 6 तोले, 3 जोड़ी झुमके, 2 जोड़ी बाली, 2 जोड़ी टोपस, 4 अंगूठियां, 1 सोने की चैन, 2 सोने के लॉकेट चुरा लिए।
उन्होंने बताया कि चोरी हुए आभूषण करीब 10 से 15 तोले के होंगे। इसके अलावा 50 किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए। यह वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक्टिवा सवार चोर साफ नजर आ रहे हैं।
अंबाला कैंट के ओम नगर के मकान में हुई चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान: संवाद