भाजपा वर्कर के हत्यारोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
तोपखाना बाजार के रिहायशी इलाके में रविवार को भाजपा कार्यकर्ता संदीप की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी विजय शर्मा को अदालत ने पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सोमवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी का अंबाला के एडिशनल सीजेएम विजयंत सिंघल की अदालत से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने इस मामले में करीब आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें से मुख्य आरोपी और उसके भतीजे को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी है। पुलिस ने मामले में पिस्तौल बरामद करने के साथ-साथ इस हत्याकांड से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर रही हैं। कैंट डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि आरोपी का कैंट सिविल अस्पताल में मेडिकल कराकर जेल भेज दिया गया है जबकि इस हत्याकांड के अन्य आरोपियों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।