अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
पंजोखरा थाना क्षेत्र में हुए जमीनी विवाद में घायल व्यक्ति ने पीजीआई में दम तोड़ दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गुरजीत कौर निवासी फतेहगढ़ ने बताया कि चरणजीत व बलवंत आपस में भाई है। उसकी शादी चरणजीत सिंह से हुई थी। उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों में कुछ दिन पूर्व जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसी को लेकर बहसबाजी हुई, जबकि बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि बलवंत व अन्य ने तेजधार हथियारों के साथ चरणजीत पर हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। घायल हालत में उसे सिविल अस्पताल अंबाला सिटी लाया गया। यहां प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद सेक्टर 32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन वहां से भी पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई में वीरवार को चरणजीत की मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है। पटवी चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार लोगों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।
-------
पर्स चोरी का आरोपी काबू (फोटो नंबर : 36)
अंबाला कैंट। जीआरपी ने पर्स चोरी के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। शिकायतकर्ता चंद्रिका राम ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह स्टेशन पर टिकट लेने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान एक आरोपी ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया और भागने लगा। उसने शोर मचाया, तो आरोपी को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। एएसआई राजकुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान बिहार निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। जीआरपी ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------
रेल लाइन पर मिला शव
अंबाला। दुखेड़ी व केसरी रेलवे स्टेशन के बीच रेल लाइन पर क्षत विक्षत हालत में एक युवक का शव बरामद हुआ है। एएसआई राजकुमार ने बताया कि उनको सूचना मिली थी कि रेल लाइनों पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पाते ही वे टीम के साथ मौके पर पहुुंचे। शव काफी क्षत विक्षत हालत में था, जबकि पुलिस ने शव को फ्रीजर में रखवाया है। शव की पहचान नहीं हो पाई है, जबकि जीआरपी ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
------
ट्रेन की खिड़की पर मारा पत्थर, एक जख्मी
अंबाला कैंट। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ने हेमकुंड एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया। इस घटना में एक महिला जख्मी हो गई है। शिकायतकर्ता प्रिंस निवासी लुधियाना ने बताया कि वह परिवार के साथ लुधियाना जा रहा था। जैसे ही हेमकुंड एक्सप्रेस ट्रेन सहारनपुर से अंबाला के लिए चली, तो किसी ने ट्रेन की खिड़की पर पत्थर दे मारा, जो उसकी पत्नी निशा को लगा, जिससे वह घायल हो गई। ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंची, तो जीआरपी को शिकायत दी, जिसके बाद महिला को सिविल अस्पताल कैंट में उपचार दिया गया। जीआरपी ने इस संबंध में जीरो एफआईआर काटी है।