अंबाला। साहा इंडस्ट्रियल एरिया में एक बार फिर से कारोबारियों को हरियाणा राज्य औद्योगिक और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) प्लॉट आबंटित करने जा रहा है। यह प्लॉट कारोबार स्थापित करने के लिए दिए जाएंगे।
इसके लिए कुछ समय पहले ही एचएसआईआईडीसी ने अपना पोर्टल खोला था। जिस पर 300 प्लॉटों के लिए हरियाणा सहित अन्य राज्यों से 450 लोगों ने आवेदन किया है। आवेदन के बाद अब बोली की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद प्लॉट बोली में सफल रहने वाले कारोबारी को दी जाएगी। खास बात यह है कि इंडस्ट्रियल एरिया में कारोबार स्थापित करने के लिए कोई भी व्यक्ति प्लॉट ले सकता है। प्लॉट लेने के बाद उसे निश्चित समय में अपना कारोबार स्थापित करना होगा।
कारोबारियों को इंडस्ट्रियल एरिया में ही आवास की सुविधा : एचएसआईआईडीसी के एस्टेट मैनेजर रघुवीर सिंह ने बताया कि साहा इंडस्ट्रियल एरिया में कारोबारियाें के रहने के लिए अलग से प्लॉट निर्धारित हैं। इसके साथ ही कई कारोबारियों ने यहां पर रहना भी शुरू कर दिया है। यह प्रदेश का दूसरा इंडस्ट्रियल एरिया है जो चारों तरफ से दीवारों और सुविधाओं से लैस है। ब्यूरो