अंबाला। डिजिटल इंडिया और कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। इसके तहत रेलवे बोर्ड ने रेलवन एप के माध्यम से अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने पर तीन प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। ये सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए है जो टिकट बुक करते समय डिजिटल भुगतान का उपयोग करते हैं।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी पत्र के अनुसार नई स्कीम 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस छह महीने की अवधि के दौरान, यात्रियों को रेलवन एप पर टिकट बुक करते समय सीधे किराए में तीन प्रतिशत की कटौती का लाभ मिलेगा। रेलवे ने साफ किया है कि यह छूट केवल डिजिटल भुगतान माध्यमों पर ही लागू होगी। डिजिटल पेमेंट (यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड आदि) रेलवन एप पर इन माध्यमों से भुगतान करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत की तत्काल छूट मिलेगी, जो यात्री पहले से आर-वॉलेट का उपयोग कर रहे हैं, उनके लिए पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी। उन्हें टिकट बुकिंग पर तीन प्रतिशत बोनस कैश बैक के रूप में मिलता रहेगा।
रेलवे ने इस संबंध में मंगलवार को लिखित आदेश जारी किए हैं। यह सुविधा 14 जनवरी से लागू होगी। डिजिटल सुविधा को बढ़ाने के लिए रेलवन एप पर तीन प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है। इससे जनरल टिकट यात्रियों को फायदा होगा।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।