- पुलिस लाइन स्कूल में 10 फरवरी को करवाई जाएगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में खंड स्तर के विजेता प्रतिभागी प्रतिभा दिखाएंगे। सभी छह खंड से 252 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रदर्शनी के लिए किया गया है। अब ये विद्यार्थी 10 फरवरी को पुलिस लाइन राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मॉडल प्रदर्शनी में प्रदर्शित करेंगे। यह आयोजन जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय के नेतृत्व में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से करवाया जाएगा।
प्रथम और द्वितीय विजेता को मिलेगा पुरस्कार
जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय से सहायक परियोजना समन्वयक हरजिंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी को लेकर विभाग की ओर तैयारी की जा रही है। इस प्रदर्शनी में 252 विद्यार्थी अपनी टीम के साथ विज्ञान से जुड़े अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगे। इन मॉडल को सात थीम पर प्रस्तुत किया जाएगा। पहले यह प्रदर्शनी खंड स्तर पर करवाई गई थी, जिसमें प्रथम और द्वितीय टीमों का चयन किया गया है।
रोल प्ले और पोस्टर मेकिंग भी होगी
पुलिस लाइन में ही इसी दिन विद्यार्थियों की ओर से ही विज्ञान से जुड़ी सात थीम पर रोल प्ले और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके लिए भी स्कूलों में विद्यार्थी तैयारी में जुटे हैं। इन सभी प्रतियोगिता में प्रथम विजेता प्रतिभागियों को 1 हजार रुपये और द्वितीय विजेता को 800 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।