अंबाला। ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार दोपहर को दलीपगढ़ के सामुदायिक केंद्र में महेशनगर ड्रेन को दो स्थानों पर पक्का करने के कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि महेशनगर ड्रेन के बनने से छावनी क्षेत्र में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।
हर साल बारिश के दिनों में गंदे पानी की समस्या से जूझने वाले सूर मंडी सहित अन्य क्षेत्रों को भी गंदगी से भी मुक्ति मिल जाएगा। 24 करोड़ की लागत से ड्रेन को पक्का किया जा रहा है। अब नाला पक्का होने पर इसमें गाड़ियां उतारकर सफाई की जा सकेगी। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री विज भावुक भी हो गए और उन्होंने पंजाबी में पंक्तियां पढ़ीं और कहा कि रोया करेंगा सानू याद करके, जे रब न करे मैं चला जावां सीढ़ियां चढ़के।
दो चरणों में निर्माण
महेशनगर ड्रेन को सिंचाई और जल संसाधन विभाग द्वारा अलग-अलग चरणों में पक्का किया जा रहा है। दलीपगढ़ से बेहड़े वाले पीर तक 6.92 करोड़ और रामनगर गुरुद्वारा साहिब से सूर मंडी तक ड्रेन को 4.62 करोड़ की लागत से पक्का किया जाएगा। ड्रेन को कंकरीट के मिश्रण से तैयार किया जाएगा। इसकी सतह भी पक्की होगी और सुरक्षा को लेकर दोनों तरफ दीवार का निर्माण भी किया जाएगा। इस ड्रेन के बनने से लोगों को जलभराव की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यहां हो चुके काम
गुडगुडिया नाला जोकि पहले मिट्टी और ईंटों का था, उसे भी कंकरीट का बनाकर पक्का किया गया है। टांगरी नदी के पास 200 क्यूसिक का पंप लगाया गया है ताकि शहर में पानी घुसने से पहले पंप के माध्यम से उस पानी को टांगरी नदी में डाला जा सके। इसके साथ सूर मंडी के पास व बीडी फ्लोर मील के पीछे काॅलोनियों में पानी निकासी के लिए भूमि अधिग्रहण करते हुए वहां पर भी नाला बनाने का काम किया गया है।