फोटो नंबर :: 22 से 25
नमी बताकर नहीं हो रही गेहूं की खरीद, रात में करनी पड़ रही रखवाली
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। मंडियों में गेहूं की आवक तेज होती जा रही है, लेकिन अधिकारी नमी अधिक बताकर खरीद की रफ्तार को धीमा ही रख रहे हैं। इस वजह से किसान दिन में फसल को सुखाते हैं और रात में उसे बोरियों में भरकर रख देते हैं। दूसरी ओर मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी ने किसानों को परेशान किया हुआ है। मंडियों में गेहूं पहुंच रहा है, लेकिन खरीद नहीं हो रही। माना जा रहा है कि पांच अप्रैल से खरीद में तेजी आ सकती है, लेकिन इस दौरान मौसम विभाग बारिश की उम्मीद जता रहा है।
जिला की सबसे बड़ी अनाज मंडी में अब तक करीब दो हजार क्विंटल गेहूं आ चुका है। इसके बाद भी सरकारी एजेंसियों ने गेहूं की खरीद शुरू नहीं की है। इस संबंध में हैफेड और जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने दौरा किया, लेकिन गेहूं में नमी की मात्रा अधिक बताकर खरीद नहीं की। इसी तरह अंबाला कैंट की अनाज मंडी में भी 250 क्विंटल गेहूं आ चुका है, लेकिन यहां किसानों को अब तक खरीद का इंतजार है। नारायणगढ़ अनाज मंडी में 135 क्विंटल गेहूं आ चुका है। इसमें से मात्र मात्र 50 क्विंटल गेहूं की खरीद ही हो सकी है।
नमी की अधिक मात्रा से खरीद प्रभावित
मंडियों में पहुंच रहे गेहूं में नमी की मात्रा ज्यादा बताई जा रही है। इस वजह से खरीद तेजी से नहीं हो रही। जिले की तीनों बड़ी मंडियों में यही हालात हैं। इस वजह से किसान मजबूरी में रात में गेहूं की रखवाली कर रहे हैं। सबसे बड़ी परेशान आढ़तियों के लिए है कि इस गेहूं की रखवाली कैसे की जाए।
मौसम पैदा कर सकता है परेशानी
मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले एक सप्ताह में बारिश हो सकती है। इससे खरीद और कटाई दोनों प्रभावित हो सकती हैं। विभाग का कहना है कि नौ अप्रैल तक बारिश की उम्मीद है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आसमान में बादल छाये रहेंगे। बारिश होने पर किसानों और आढ़तियों के लिए दिक्कतें खड़ी होंगी।
अधिकारियों ने नहीं शुरू की खरीद : किसान
कैंट अनाज मंडी में पहुंचे किसान खुशदयाल सिंह, हरजिंदर सिंह का कहना है कि मंडी में अभी उनका गेहूं नहीं खरीदा गया है। इसलिए वह दिन में गेहूं को सुखा रहे हैं, जबकि रात में इसे बोरियों में भरकर उसकी रखवाली करतते हैं। इसी तरह आढ़ती जगपाल सिंह, रामकुमार का कहना है कि अभी नमी की मात्रा करीब 25 प्रतिशत तक आ रही है। सरकारी नियम के अनुसार गेहूं में खरीद के समय नमी 12 प्रतिशत तक ही होनी चाहिए। छऐसे में अभी तक गेहूं की खरीद नहीं हो पा रही है।
अभी खरीद कार्य नमी के कारण प्रभावित हो रहा है। हैफेड और डीएफएसी विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को निरीक्षण किया है। इस दौरान निर्देश दिए हैं कि मंडी में व्यवस्थाएं बनाकर रखी जाएं, जिससे किसानों को नुकसान न हो।
- धर्मेंद्र पाल, सचिव मार्केट कमेटी अंबाला सिटी
कैंट की बुहावा स्थित अनाज मंडी में अभी तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। गेहूं में नमी की अधिकता के कारण यह प्रभावित हो रही है। इसके अलावा सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई है। उम्मीद है कि एक दो दिनों में खरीद कार्यों में तेजी आ जाएगी।
- कृष्ण मलिक, मार्केट कमेटी सचिव अंबाला कैंट
नारायणगढ़ मंडी में आई गेहूं में से कुछ खरीद की गई है। कुछ दिनों में खरीद कार्य में तेजी आएगी। अभी नमी को लेकर दिक्कत है, जबकि यह भी जल्द ही दूर हो जाएगी।
- अमित राणा, इंचार्ज हैफेड नारायणगढ़