जीवन जीना सिखाती है श्रीमद्भागवत गीता : राज्यमंत्रभ्
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
राज्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता जीवन जीने की कला सिखाती है। वे सिटी में आयोजित गीता जयंती समारोह के दौरान संबोधित कर रहे थे। शोभायात्रा का शहर में कई जगह स्वागत किया गया। सिटी के रेलवे स्टेशन के पास से शुरू हुई शोभायात्रा में सरकारी विभागों के अलावा विभिन्न संस्थाओं और स्कूलों की झांकियां भी शामिल रहीं। शोभायात्रा में 51 बच्चे संस्कृत में गीता के श्लोकों का उच्चारण करते शामिल हुए। शोभायात्रा में 200 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा में श्रीकृष्ण कृपा सेवा समिति अंबाला की छह झांकियां, एक रथ, सनातन धर्म सभा की दो झांकियों सहित अन्य संस्थाओं की झांकियां शामिल थी। इस मौके पर विधायक असीम गोयल, जिला परिषद चेयरमैन सुरेंद्र राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, निगम आयुक्त सत्येंद्र दूहन, जीएम रोडवेज कुलधीर सिंह, संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी उमा शर्मा, दिनेश ग्रोवर तथा रविंद्र चोपड़ा, अध्यापक अवदेश पांडे, सुरेंद्र, जितेंद्र, तेजपाल आदि मौजूद रहे।
सामाजिक हित का मार्ग दिखाती है गीता : गोयल
वहीं जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के दूसरे दिन रामबाग मैदान अंबाला शहर में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक असीम गोयल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भौतिकवाद की दौड़ के इस दौर में नैतिक मूल्यों में गिरावट आ रही है जो आदर्श समाज के लिए स्वस्थ परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि गीता व्यक्ति को स्वयं के हितों से ऊपर उठकर सार्वजनिक हित का मार्ग अपनाने के लिए प्रेरित करती है। सांस्कृतिक प्रस्तुति के तहत स्कूली बच्चों और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने कई उम्दा प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरूआत राजकीय विद्यालय उगाला की छात्रा ने गीता श्लोकोचारण से की और उसके बाद राजकीय विद्यालय पुलिसलाइन के विद्यार्थियों ने बामा नृत्य के माध्यम से कृष्ण लीला मंचित की। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकार लव कुमार शर्मा के ‘मोहन तेरी बंसी पागल कर जाती है’ गीत से पूरा पंडाल भक्ति रस में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में उगाला विद्यालय की छात्रा प्रियंका ने गीता स्तुति, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनाना की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। इस प्रकार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहा के विद्यार्थियों ने रागिनी प्रस्तुत की जबकि सामाजिक कवि फकीर चंद गुप्ता ने देशभक्ति पर आधारित काव्य पाठ किया। इसके अलावा कलाकार कर्मचंद, राजिंद्र और कर्मजीत ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़, नगराधीश विरेंद्र सिंह सहरावत, संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह, डीआईपीआरओ अमित पंवार, जिला शिक्षा अधिकारी उमा शर्मा, तहसीलदार टीआर गौतम, राजेश पूनिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनुभव अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय लाकड़ा, योगेंद्र मोहन गोयल, रितेश गोयल, संजीव गोयल, सुच्चा सिंह, अमित अग्रवाल, श्याम सुंदर, संदीप, शमशेर सिंह, नरेंद्र भलोठिया, कपिल वर्मा आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हरियाणवी लोक कलाओं से परिचित हुए दर्शक
गीता जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में रामबाग मैदान अंबाला शहर में प्रशासन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में आगंतुक हरियाणा की लोक कलाओं की विभिन्न विधाओं से परिचित हुए है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकार जहां भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के महाभारत युद्ध के संवाद को भजनों एवं गीतों के माध्यम से लोगों को बता रहे हैं, वहीं प्राचीन वाद्य यंत्रों जोगी, जंगम, डेरू, बीन और तुंबा, राजस्थानी संस्कृति पर आधारित कच्ची घोड़ी तथा नगाड़ा पार्टी द्वारा भी लोगों का आकर्षण का केंद्र बन रही है। बलाना से आए जरनैल सिंह, डंगडेरी से आए कर्मजीत, कंगवाल निवासी धर्मवीर, घेल निवासी अमरीक सिंह, ठोल निवासी तेजपाल, अंबाला शहर के कुनाल कुमार, रजत, देवांशु ने बताया कि गीता जयंती महोत्सव से उन्हें प्राचीन ग्रंथ गीता के मानव जीवन में महत्व के बारे में जानकारी मिली है। वहीं उन्हें हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, जन जीवन और विकास संबंधी विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिली है।