फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: विकास पर खर्च होंगे 20 करोड़, हर वार्ड में 50 लाख

विज्ञापन
अंबाला छावनी के नगर परिषद कार्यालय में कनिष्ठ अ​भियंताओं से मंत्रणा करते नप अध्यक्ष के पति परमज - फोटो : mathura
विज्ञापन
अंबाला। नगर परिषद के हाउस की बैठक के बाद अब विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए लगभग 20 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस राशि से छावनी के सभी 32 वार्डों में गलियों के साथ नालियों और सड़कों का निर्माण होगा।
विज्ञापन

इस संबंध में एक बैठक नगर परिषद अध्यक्ष के पति परमजीत सिंह की मौजूदगी में अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंताओं के साथ हुई। बैठक में आगामी योजनाओं के लिए विस्तार से चर्चा की। इसमें इस वित्तीय वर्ष के दौरान किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए भी योजना तैयार करने के लिए निर्देश दिए। इस संंबंध में वार्ड 12 के पार्षद सतीश कुमार का कहना है कि पूजा विहार में सड़कों और नालियों का निर्माण होना है। इसकी रूपरेखा जल्द तैयार कर ली जाएगी। इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष को भी इसकी जानकारी दे दी है। जबकि वार्ड 13 की पार्षद ऋतु शर्मा ने बताया कि इंद्रपुरी कॉलोनी में सड़कों और नालियों के निर्माण की काफी आवश्यकता है। स्थानीय निवासियों की तरफ से आग्रह प्राप्त हुए हैं। इसकी जानकारी नगर परिषद अध्यक्ष को भी दी है, जिससे कि जल्द काम शुरू हो सके।
बैठक में मौजूद कुछ पार्षदों ने भी अपने सुझाव दिए। इसके तहत अब सभी वार्ड के पार्षदों से लंबित विकास कार्याें की सूची मांगी जाएगी, जिससे कि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। यह पूरी प्रक्रिया नगर परिषद के अध्यक्ष के निर्देश पर आरंभ की गई है।
विज्ञापन

स्थानीय लोगों की शिकायतें होंगी शामिल
वार्ड स्तर पर अगर किसी भी प्रकार की कोई खामी है और इसकी शिकायत पूर्व में भी नगर परिषद के पास आई है तो उसे भी विकास कार्याें से जुड़ी कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, शिकायतकर्ता को यह भी सलाह दी जाएगी कि उनके क्षेत्र का प्रतिनिधि नियुक्त हो गया है। इसलिए जो भी समस्या है, वो उनके माध्यम से ही नगर परिषद अध्यक्ष के समक्ष लाई जाए ताकि आपसी समन्वय बना रहे और विकास कार्याें को अविलंब पूरा किया जा सके।
खामियों का होगा आंकलन
नप अध्यक्ष के पास वार्ड पार्षद व आमजन के माध्यम से जो भी शिकायत प्राप्त होगी। उसका आंकलन नप के कनिष्ठ अभियंताओं की टीम करेगी। टीम मौके पर जाकर खामियों को देखेगी, फिर इसके आधार पर ही प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके तहत रिपेयर और नवनिर्माण की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बजट सहित अन्य सभी कार्य पूरा करने के बाद फाइल को नप अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे कि इस पर मुहर लग सके।
खर्च करने की ये है योजना
नगर परिषद की ओर से विकास कार्यों के लिए तैयार प्रस्ताव के तहत प्रत्येक वार्ड को 50 लाख रुपये मिलेंगे। इससे सभी वार्डों में एक समान काम हो सकेगा। दरअसल अंबाला छावनी के 32 वार्डो में कुल 16 करोड़ का बजट दिया जाएगा। इसके अलावा चार करोड़ रुपये अतिरिक्त होंगे।

वर्जन
वार्ड स्तर पर जो भी समस्याएं हैं, उन्हें सुधारने के लिए जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस संबंध में अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंताओं से मंत्रणा की गई है। वहीं वार्ड पार्षदों को भी निर्देश दिए गए हैं कि अगर कहीं कोई समस्या है तो इसकी जानकारी दें ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
विज्ञापन

स्वर्ण कौर, अध्यक्ष नगर परिषद, सदर अंबाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें