21271 किसानों ने कराया था फसल बीमा, 4500 ने किया मुआवजे के लिए आवेदन
फोटो नंबर-----31
सुबह से किसानों का लग गई थी लाइन, जल्द ही शुरू होगा गिरदावरी का कार्य
किसानों ने कहा- पिछली बारिश में फसल खराब होने के बाद भी कोई अधिकारी क्षेत्र में नहीं आया
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। वीरवार को आचनक हुई ओलावृष्टि के कारण जिले के किसानों की कई एकड़ फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। इसके मुआवजे के लिए किसान विभागों में अपने फार्म जमा करवाने के लिए बड़ी तादात में पहुंच रहे हैं। इनमें वह किसान हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपना नाम दर्ज करवाते हुए प्रीमियम भरा था।
बता दें कि शनिवार को अधिकारिक तौर पर फार्म जमा करवाने की आखिरी तारीख थी, जिस कारण किसानों की काफी भीड़ कृषि विभाग में लगी रही। इस सीजन में कुल 21271 किसानों ने फसल बीमा करवाया था। अभी तक 4500 से अधिक किसान मुआवजे के लिए फार्म कंपनी के पास जमा करवा चुके हैं। इससे पूर्व हुई बारिश के दौरान भी किसानों ने फसल बीमा योजना के दौरान मुआवजे के लिए आवेदन किया था।
फसल देखने नहीं आया कोई अधिकारी
किसानों का कहना है कि उनकी फसल खराब होने के बाद कोई भी अधिकारी उनके क्षेत्र में नहीं आया है। वहीं तेजा मोड़ी से किसान राजिंद्र ने बताया कि उनकी पहली हुई बारिश में भी काफी फसल खराब हो गई थी, जिसके बाद वह अधिकारियों का इंतजार करते रहे। कोई भी अधिकारी गांव नहीं पहुंचा, वहीं एक बार फिर से ओलावृष्टि होने से सारी फसल खराब हो गई। इसको लेकर वह फिर से फार्म से जमा करवा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी कोई अधिकारी फसल देखने के लिए नहीं आया है।