अंबाला सिटी। शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शालीमार कॉलोनी का रहने वाला 55 वर्षीय संत राम दिहाड़ी मजदूरी करके घर का पालन पोषण करता था। मंगलवार शाम को जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच पंजोखरा पुलिस को टुंडली के पास एक शव मिला जिसकी पहचान संत राम के तौर पर हुई। संत राम के सिर पर गहरी चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में पहुंचाकर परिजनों को सूचित किया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
वहीं, दूसरी ओर बलदेव नगर फ्लाईओवर पर कार की चपेट में आने से एक बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। शाहाबाद की विजय कॉलोनी निवासी रमेश चंद्र जोकि बरवाला रोड डेराबस्सी में एक कंपनी में कार्यरत था। वह बाइक पर शाहाबाद जा रहा था। इसी बीच पीछे से आई एक कार ने उसे टक्कर मार दी, हादसे में रमेश चंद्र बाइक समेत रेलिंग से जा टकराया और सिर में चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। बलदेव नगर पुलिस ने मृृतक के पुत्र पंकज गोयल की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।