दहेज प्रताड़ना केस में एक गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
करीब एक सप्ताह पूर्व इंको चौक के पास रेलवे लाइन से विवाहिता का शव मिलने के मामले में जीआरपी ने एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर और अन्य की तलाश में जुट गई है। केस के जांच अधिकारी एएसआई सतपाल सिंह का कहना है कि विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर ट्रेन से कटकर जान दी थी। मामले में विवाहिता की सास के अलावा तीन और आरोपी हैं जिनके खिलाफ केस दर्ज है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ज्ञात रहे कि करीब एक सप्ताह पूर्व विवाहिता निशा का अंबाला-लुधियाना रेलमार्ग पर किलोमीटर संख्या 265/27-25 के समीप शव मिला। सूचना पाकर सिटी जीआरपी चौकी इंचार्ज विलायती राम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान मौके पर एक मोबाइल मिला जिसके आधार पर मृतका की पहचान हुई। मामले में मृतका के भाई और अन्य परिजनों ने खुदकुशी का आरोप लगाया था। मृतका निशा के भाई गौरव निवासी मुंडा माजरा यमुनानगर ने बताया कि उसकी बहन के ससुराल वाले अक्सर उससे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। मामले में मृतका निशा के पिता की शिकायत पर जीआरपी ने पति जगप्रीत, सास सुरेश बाला, ससुर बलबीर, देवर मनप्रीत के खिलाफ धारा 304 बी, 498 ए, और धारा 34 के तहत केस दर्ज कर लिया था। मामले में जीआरपी के जांच अधिकारी सतपाल सिंह का कहना है कि सास सुरेश बाला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। अन्य तीनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।