करनाल। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 16.82 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से वारदात को अंजाम दिया। भरोसा बनाने और मुनाफे के लिए ग्रुप में चैट की और एक एप भी मोबाइल में इंस्टॉल कराया। शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में नेवल निवासी अमन ने बताया कि 7 नवंबर को उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसे शेयर मार्केट से जुड़ा ग्रुप बताया गया। इस ग्रुप में लगातार शेयर ट्रेडिंग को लेकर बातचीत होती रही थी और मुनाफे के बारे में बताया जाता था। 3 दिसंबर को एक लिंक भेजकर उनके मोबाइल में एरेइस डिवशिफाइड कंपनी के नाम से ट्रेडिंग एप्लिकेशन इंस्टॉल करवाई गई। एप के जरिए निवेश दिखाया गया और अलग-अलग खातों में पैसे डालने के लिए कहा गया। 10 दिसंबर को उन्होंने बैंक खाते से 50 हजार रुपये एक खाते में आईएमपीएस के जरिये ट्रांसफर किए।
इसके बाद अगले दिन उन्होंने दोबारा इतनी राशि ट्रांसफर कर दी। 12 दिसंबर को एक लाख रुपये एनईएफटी के जरिए ट्रांसफर किए गए। 15 दिसंबर को छह लाख रुपये भेजे। 19 दिसंबर को एक लाख रुपये यूपीआई आईडी बालाजी ट्रेडर्स पर भेजे गए। उसी दिन 50 हजार रुपये एक्सिस बैंक राठ उत्तर प्रदेश के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसी तरह एक जनवरी तक कुल 16.82 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए।
इसके बाद जब उन्हें मुनाफा नहीं हुआ तो ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने दो जनवरी को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी। थाना प्रभारी संजय का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है, मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो