जल संकट से जूझ रही छावनी के लोगों के लिए करीब 551 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। प्रोजेक्ट के तहत 30 हजार की आबादी वाले क्षेत्र की पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए छावनी सदर एरिया में 16 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इनमें फेल होने वाले कुछ ट्यूबवेल हैं की जगह नए लगाए जाएंगे जबकि कुछ स्थानों पर जरूरत को देखते हुए अतिरिक्त ट्यूबवेल की व्यवस्था की जाएगी। 30 जून को पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग ने प्रोजेक्ट के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये का प्रारंभिक बजट भी जारी कर दिया है। छावनी में करीब 39 हजार वाटर कनेक्शन हैं।
बता दें कि इस समय घसीटपुर में 20.8 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं, लेकिन अमरुत योजना के तहत यहीं पर 30 एमएलडी का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इसके बनने से क्षमता ढाई गुणा बढ़ जाएगी। वर्तमान में छावनी की जनसंख्या करीब 2.20 लाख है। इस तरह नए ट्रीटमेंट प्लांट के बनते ही अगले 10 साल का संकट खत्म हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 22.4 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाई जानी है। प्रोजेक्ट के तहत मरदों साहिब तक 08 किलोमीटर लाइन बिछाई जा चुकी है। ढाई किलोमीटर तक डिमार्केशन भी कर दी गई है। लाइन बिछते ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा।
---------------------
कहां लगेंगे नए और कहां फेल हो चुके हैं ट्यूबवेल
बीडी फ्लोर मील के पीछे पटेल नगर में अतिरिक्त ट्यूबवेल लगाया जाएगा। इसी तरह रामपुर में दो, आनंद नगर बोह-ए, लालकुर्ती, एमसी कॉलोनी, सरसेहड़ी और कलारेहड़ी में एक-एक अतिरिक्त ट्यूबवेल इंस्टाल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दयालबाग, रानीबाग, लोकल बस स्टैंड, लक्की नगर इत्यादि में फेल हो चुके ट्यूबवेल के स्थान पर ट्यूबवेल इंस्टाल होंगे जबकि बराड़ा, नन्हेड़ा, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी इत्यादि में पहले से छोड़े गए ट्यूबवेल के स्थान पर दूसरे ट्यूबवेल इंस्टाल होंगे।
--------------------------------
कहां और कितने लाख की लागत से लगेंगे ट्यूबवेल
बीडी फ्लोर मील के पीछे न्यू पटेल नगर में 34.98 लाख
रामपुर में दो ट्यूबवेल-69.02 लाख
आनंद नगर बोह, नजदीक मोनी बाबा क्षेत्र- 34.02 लाख
रानी बाग अंबाला कैंट-35.22 लाख
लाल कुर्ती अंबाला कैंट-32.80 लाख
एमसी कॉलोनी अंबाला कैंट- 32.11 लाख
गांव बरनाला-----32.20 लाख
नन्हेड़ा अंबाला कैंट-14.44 लाख
दयालबाग अंबाला कैंट- 28.65 लाख
लोकल बस स्टैंड अंबाला कैंट- 28.65 लाख
लक्की नगर अंबाला कैंट- 28.08 लाख
कलारेहड़ी---37.21 लाख
सरसेहड़ी--49.96 लाख
पीडब्ल्यूडी कॉलोनी -24.36 लाख
पंजोखरा 23.93
टूड़ली 30.23
------------------
5 सालों से परेशान है कुछ एरिया की जनता
बता दें कि छावनी के दयालबाग एरिया में करीब 5 साल से पेयजल को लेकर जनता परेशान है। यही हाल रानीबाग एरिया के भी हैं। यहां के लोगों को पानी के लिए रातभर जागना पड़ता है। अकसर इन दोनों एरिया के लोगों को रात 12 बजे पानी नसीब होता था। हालांकि पिछले दो सालों से रातों को जागने वाली स्थिति नहीं है लेकिन पानी कम आना और अधिक गर्मी में पानी नसीब ही नहीं होना जैसी समस्या से अभी यहां के लोग जूझ रहे हैं जिन्हें जल्द समस्या से निजात मिलेगी।
-----------------------------
छावनी में करीब 16 स्थानों पर हम नए ट्यूबवेल लगा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 30 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी तैयार हो रहा है। इसके बाद छावनी के लोगों को किसी भी तरह की जल समस्या नहीं रहेगी। फिलहाल करीब 551 लाख रुपये का प्रोजेक्ट अप्रूव हो चुका है।
अनिल चौहान, एसडीओ पब्लिक हेल्थ, अंबाला छावनी।