अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने छावनी में 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित समय अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विज ने अधिकारियों व कांट्रेक्ट एजेंसियों के प्रोजेक्ट आफिसर को निर्देश दिए कि स्टेडियम का निर्माण कार्य 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय अवधि में अगर कार्य पूरा नहीं होता तो संबंधित कांट्रेक्टर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं। इनके तहत ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों को देश में सर्वाधिक 6 करोड़ रुपये तक नकद पुरस्कार राशि देने का प्रावधान है। एशिएन खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक तीन करोड़ रुपये देने की व्यवस्था है। इस अवसर पर खेल विभाग के उपनिदेशक अरूण कांत, मीडिया प्रभारी विजेंद्र चौहान, गोपी सहगल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेडियम में ये रहेंगी सुविधाएं
अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस खेल स्टेडियम में फुटबॉल का आर्टिफिशियल टर्फ एथलेटिक का सिंथेटिंग ट्रैक, खिलाड़ियों के चेंज रूम, मेडिकल रूम, जिम, रेफरी-अंपायर के रूम, कुछ खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था के अलावा पवेलियन में तीन मंजिला लिफ्ट की व्यवस्था होगी। फुटबाल टर्फ मोंडो कंपनी की लगाई जाएगी जोकि पिछले ओलंपिक में ब्राजील में लगाई गई थी। रात्रि मैच के लिए फ्लड लाइट्स की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा पवेलियन एरिया को तथा दर्शकों के बैठने की क्षमता को भी बढ़ाया गया है।