अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-444ए को अंबाला से साहा तक चारमार्गी बनाने के कार्य को जल्द शुरू करने की बात कही। वे सड़क निर्माण कार्य के तहत रविवार शाम को लोक निर्माण विश्राम गृह में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों, संबंधित कंपनी व अन्य जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह मुख्य प्रोजेक्ट है और ट्रैफिक जाम से निजात पाने के लिए शहरवासियों की अहम जरूरत भी है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि इस निर्माण कार्य को तुरंत शुरू करें ताकि समय अवधि के तहत इस निर्माण कार्य को पूरा करके जनता को समर्पित किया जा सके। वहीं अधिकारियों ने एक सप्ताह में निर्माण कार्य को शुरू करने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम, बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य, वन विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए इस निर्माण कार्य के तहत जो कार्य किए जाने हैं, उस बारे विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग, बिजली विभाग, नगर निगम तथा जन स्वास्थ्य सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस चारमार्गी सड़क के निर्माण से संबंधित उनके विभाग से संबंधित जो भी कार्य किए जाने हैं, चाहे बिजली के खंभे हटाने की बात हो या कोई अन्य कार्य हो वे समय पर उन कार्यों को पूरा करें, ताकि सड़क के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने यह भी कहा कि सर्विस रोड बनाते समय यदि कहीं अतिक्रमण की समस्या आती है तो वह पहले से ही बताना सुनिश्चित करें ताकि उसका समाधान समय रहते किया जा सके। उन्होंने इस मौके पर रिंग रोड विषय पर भी एनएचएआई से आए अधिकारियों से चर्चा की और कार्य को किए जाने की वास्तविकता के बारे में जानकारी हासिल की।
फोर लेन मार्ग पर खर्च होंगे 220 करोड़
विज ने बताया कि इस चारमार्गी सड़क निर्माण कार्य पर 220 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सड़क की लंबाई 14.840 किलोमीटर है और अमेरिका की कंपनी द्वारा इसकी डीपीआर तैयार की गई है और सिगल कंपनी को इस कार्य को अलॉट किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के दोनों ओर सर्विस लेन भी बनाई जाएगी। सड़क में तीन मेजर ब्रिज, 6 माइनर ब्रिज व 36 पुलियों के निर्माण के साथ-साथ 0.00 (अंबाला छावनी बस स्टैंड) से किलोमीटर 4.700 (टांगरी नदी) से किलोमीटर 14.840 (साहा) तक बिटुमिनस सड़क बनाई जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक गौतम विशाल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सतेंद्र सिवाच, सिगल इंडिया लिमिटड के प्रतिनिधि रमनीक सहगल, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता संजीत कुमार, पब्लिक हेल्थ के एसडीओ बलविंद्र सिंह, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता पवन नरूला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।