फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली सभा देरी से पहुंचे कई एसडीओ, चेयरमैन ने लगाई फटकार

विज्ञापन
विज्ञापन
उपभोक्ताओं को परेशान करने वाले अधिकारियों से की जाए नुकसान की भरपाई
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। नारायणगढ़ रोड स्थित विद्युत निगम के एसई ऑपरेशन सर्कल ऑफिस में सोमवार को बिजली सभा का आयोजन किया गया। सभा में उत्तर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के चेयरमैन बीआर गर्ग विशेष तौर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लेट आने वाले एसडीओ को फटकार लगाते हुए उपभोक्ताओं को परेशान करने वाले अधिकारियों की जेब से उनके नुकसान की भरपाई के आदेश दिए। वहीं उन्होंने उपभोक्ताओं का सही कार्य भी लटकाने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को भी कहा गया। सोमवार को बिजली सभा में करीब 10 शिकायतें आई, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बिजली सभा की अध्यक्षता करने आए फोरम के चेयरमैन बीआर गर्ग ने सभा में सभी एसडीओ के उपस्थित रहने के आदेश दिए। बिजली सभा में फोरम सदस्य दीपक जैन, एसई ऑपरेशन सर्कल आरके खन्ना, एक्सईएन अंबाला छावनी पवन नरुला के अलावा शहर क्षेत्र के तीन एसडीओ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर आई शिकायतों को लेकर उन्होंने विभाग के कई एसडीओ से सवाल भी किए।
---
बिजली का इस्तेमाल नहीं किया, फिर भी आ गया 19 हजार का बिल
राधेश्याम मंदिर के ट्रस्टियों ने सभा में अपना मामला रखते हुए कहा कि उनके परिसर के एक किराएदार ने शपथ पत्र देकर तीन साल पहले बिजली का कनेक्शन कटवाने का आवेदन किया था और उस समय बिल चुकता भी कर दिया था। अब तीन साल के बाद उसके नाम पर 19,262 रुपये का बिल जारी कर दिया। जब बिल को ठीक करवाने के लिए एसडीओ के पास गए तो उसने सीए के पास भेज दिया, लेकिन उसने बिल को थोड़ा कम करके कहा कि इससे ज्यादा कम करवाना है तो कोर्ट में चले जाओ। चेयरमैन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आदेश दिए कि यदि इस मामले में उपभोक्ता कोर्ट में जाता है तो वकील की फीस आदि की भरपाई सीए की जेब से की जाए। उन्होंने संबंधित मामले को केस के रूप में लेते हुए कुरुक्षेत्र शिफ्ट करके वहां सुनवाई के आदेश दिए।
विज्ञापन

---
डेढ़ साल से लगा मीटर, नहीं आ रहा बिल
घेल रोड निवासी रोहित कपूर ने शिकायत में बताया कि उसका बिजली मीटर लगे डेढ़ साल हो चुका है, लेकिन अभी तक बिल नहीं भेजा गया। उन्होंने बताया कि वह संबंधित अधिकारियों के कई चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। रोहित ने कहा कि अब अगर ऐसे में पिछला बिल एक साथ आ जाएगा तो वह इतनी बड़ी रकम का भुगतान कैसे करेंगे।
---
योजना के तहत किया आवेदन, फिर भी आया बिल
बब्याल निवासी एक उपभोक्ता ने कहा कि उसने बिजली बिल माफी योजना के तहत अपने बिल को एडजस्ट करने के लिए आवेदन किया था, लेकिन विभाग ने 82 हजार का बिल हाथ में थमा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग एक बार उनकी फाइल भी गुम कर चुका है और उसने दोबारा फाइल बनाकर दी थी। उद्योगपति विनोद जैन ने शिकायत दी कि बिजली कट की कोई जानकारी उन्हें अग्रिम रूप से नहीं दी जाती।
विज्ञापन

---
पहले भी आदेश दिए गए थे, लेकिन आज की सभा में भी एसडीओ लेट पहुंचे। सभी एसडीओ को आदेश दे दिए हैं कि आगे से बिजली सभा में समयानुसार पहुंचे, क्योंकि अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं को वह बेहतर तरीके से समझ कर सुलझा सकते हैं।
- बीआर गर्ग, चेयरमैन,
उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, उत्तर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें