अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। दिवाली की रात सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। ट्विन सिटी मेें रातभर पटाखे चलते रहे। इस कारण करीब 11 जगहों पर आग लगने से 21 से अधिक लोग झुलस गए। इस दौरान लाखों रुपये का नुकसान भी हुआ। वहीं एसडीएम व पुलिस की टीम ने पटाखों की दुकानें समय से बंद करा दी, लेकिन गली-मोहल्लों में बिक रहे पटाखों के कारण यहां का वातावरण भी प्रदूषित हो गया।
बुधवार को दिवाली के अवसर पर ट्विन सिटी में 11 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लोगों का काफी नुकसान हुआ है लेकिन अभी तक नुकसान का अंदाजा नहीं लगाया गया है। वहीं 21 से अधिक लोग व बच्चे पटाखे चलाते समय झुलस गए है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। दूसरी ओर रात को कोर्ट के आदेशों की भी जमकर धज्जियां उड़ी। जहां पटाखे जलाने के लिए रात्रि आठ बजे से लेकर 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। वही लोगों ने कोर्ट के आदेशों की अनदेखी करते हुए समय से पूर्व व बाद में भी खूब पटाखे चलाए। समय होने के बाद एसडीएम और पुसिल ने भी गश्त करते हुए पटाखे की दुकानों को बंद करवाया, जिस दौरान दुकानदारों से बहस भी हुई। पुलिस टीम ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत किया और स्थायी व अस्थायी दुकानों को हटाया।
-------------
कबाड़ी की दुकान में लगी आग, तीन लाख का नुकसान
अंबाला कैंट के बब्याल रोड पर ब्रह्मकुमारी आश्रम के पास कबाड़ी की दुकान में रात 11:15 बजे आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि दुकान के उपर छत न होने से किसी पटाखे चिंगारी से आग लगी होगी। दुकान के मालिक कपिल ने बताया कि करीब तीन लाख रुपये का कबाड़ इस दुकान में मौजूद था जो राख हो गया।
-------------
सुंदर नगर में लगी आग, मंत्री विज ने दिए 30 हजार
बुधवार देर रात सुंदर नगर निवासी महेंद्र कुमार के घर में पटाखों की चिंगारी लगने से आग लग गई, जिससे उसके घर का सभी सामान जल कर राख हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज मौके पर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे जहां उन्हें पता चला कि पीड़ित महेंद्र अपनी बुजुर्ग माता के साथ घर में अकेला रहता था और उसके पास कमाई का कोई स्थायी साधन नहीं है। इस दौरान मंत्री विज ने स्वैच्छिक कोष से पीड़ित परिवार को 30 हजार रुपये देने की घोषणा के साथ परिवार को अन्य आवश्यक सहायता मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया है। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रमोद कुमार लक्की, साहिल तिवारी, आरके बागड़ी, धर्मेंद्र, गोपी सहगल, संजीव वालिया, सन्नी आनंद सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद थे।
---------------
सिटी में इन स्थानों पर पटाखों के कारण लगी आग
- रविदास बस्ती में हरिश टेलर की दुकान में लगी आग, कपड़े जले। नुकसान व कारणों का पता नहीं।
- धूलकोट में एयरफोर्स स्टेशन के कालका गेट के पास लगी आग, सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड ने बुझाया।
- नितिन कुमार की शिकायत पर रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचकर खंबों पर लगी तारों में लगी आग पर पाया काबू।
- अमरजीत सिंह की शिकायत पर वेदप्रकाश राइस मिल के छप्पर पर लगी आग पर पाया काबू।
- गांव कुरबानपुर के क्षेत्र में लगी आग पर पाया काबू।
- मंडौर के पास क्षेत्र में लगी आग पर पाया काबू।
- शंभु नए ओवरब्रिज के पास ट्राली के केबिन में घुसे रॉकेट से लगी आग, केबिन खाक।
- पुरानी घास मंडी में मुकेश जिंदल की शिकायत पर आग लगने की सूचना मिली मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया।
- सिमरन की शिकायत पर गाव ठरवा में कूपों में लगीम आग पर पाया काबू।
---------------
कैंट में झुलसे लोग
- तेजी मंडी से 24 वर्षीय सौरभ, दयालबाग से 10 वर्षीय विदांग, सर्राफा बाजार से 46 वर्षीय राजकुमार, बीसी बाजार से 10 वर्षीय प्रजंल वर्मा, बीडी फ्लोर मिल के पीछे से 5 वर्षीय सृष्टि, बीडी फ्लोर मिल के पीछे पटेल नगर से 20 वर्षीय मेवा लाल, नन्हेडा से 28 वर्षीय शेंकी, बीसी बाजार से राम स्वरूप, बीडी फ्लोर मिल के पीछे से 30 वर्षीय नीतीन, पंजाबी महौल्ला निवासी 16 वर्षीय गार्गी शर्मा, श्यामनगर निवासी 28 वर्षीय विकास, शास्त्री कॉलोनी निवासी अर्पन सिंह, पल्लेदार महौल्ला निवासी 30 वर्षीय समीर, माल रोड़ से 18 वर्षीय विशाल, कच्चा बाजार से 7 वर्षीय से प्रगुन, चिक महौल्ला से 40 वर्षीय कमल, आलू गोदाम से विशाल, बीसी बाजार से 13 वर्षीय ईशा, पक्की सराय से 48 वर्षीय राकेश कुमार, सिटी के गांव सोटा से 45 वर्षीय मनिंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गया।
------------
पटाखों से वातावरण हुआ प्रदूषित
दीपावली का जश्न अब समाप्त हो चुका है। इस उत्सव के पीछे जाने-अनजाने में छोड़ आए हैं प्रदूषित वातावरण, जिसमें हम सांस लेने को मजबूर हैं। पटाखों की गूंज और धुएं से वातावरण प्रदूषित हो गया है। एक अनुमान के मुताबिक सामान्य दिनों के मुकाबले दिवाली के दिन पांच गुना ज्यादा प्रदूषण बढ़ जाता है। दिवाली से एक दिन पहले जिले का जहां एक्यूआई 76 था, वहीं दिवाली की रात करीब 200 तक पहुंच गया था। वहीं वीरवार को दोपहर में 132 एक्यूआई दर्ज हुआ।
-----------
दिवाली पर पटाखे जलाने में कमी आई है। पटाखों की दुकानें समय से बंद करा दिए गए थे। वीरवार दोपहर को अंबाला का एक्यूआई 132 दर्ज हुआ।
- सतेंद्र सिवाच, ज्वाइंट कमिश्नर, नगर निगम।