गैस रिफिलिंग का खेल पकड़ा, मामला दर्ज
अंबाला सिटी।
काला बाजारी रोकने और गैस रिफिलिंग के गोरख धंधे को रोकने के लिए वीरवार को जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक निशांत राठी के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई कार्रवाई से पूरा दिन सिटी के बाजारों में हड़कंप मचा रहा। टीम ने पहले अनाज मंडी में दाल, चीनी, तेल व चावल के स्टाक की जांच की और उसके बाद गैस सिलेंडर से रिफिलिंग के गोरखधंधे को रोकने के लिए छापामारी की। हालांकि इस दौरान पुरानी अनाज मंडी में कुछ दुकानदारों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की सतर्कता के चलते उनकी एक न चली। इस दौरान कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके मौके से एकाएक गायब हो गए। पुरानी अनाज मंडी में टीम ने किशोरी लाल पवन कुमार, दर्शन लाल एंड संस, बाल किशन एंड कंपनी पर विभिन्न खाद्य वस्तुओं की जांच की गई। सभी पर सामान लगभग नियमानुसार ही पाया गया। इसीलिए किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जो थोड़ा बहुत स्टॉक से अधिक था उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं घरेलू और कामर्शियल गैस सिलेंडर से गैस छोटे सिलेंडरों में बदलने का गोरखधंधा रोकने के लिए भी टीम ने चार अलग-अलग दुकानों पर
छापे पर गैस रिफलिंग को पकड़ा लेकिन टीम की कार्रवाई से पहले सभी दुकानदार अपने-अपने औजार छिपा चुके थे। हालांकि मौके से सभी दुकानदारों से दो-दो व एक सिलेंडर बरामद किया गया जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। सबसे पहले टीम ने बांस बाजार में कालड़ा इलेक्ट्रानिक्स पर छापामारी कर कामर्शियल सिलेंडर जब्त किए और मौके पर गैस भरवाने वाले ग्राहक भी। इसके बाद कालड़ा सेल्स पर भी दो सिलेंडर मिले, यहां भी गैस भरवाने वाले ग्राहक आए थे लेकिन टीम को देखकर दुकानदारों ने इन ग्राहकों के सिलेंडरों में गैस नहीं भरी। यहां से होते हुए अनंत प्रेम मंदिर के पास शर्मा सेल्स पर भी टीम ने छापामारी की लेकिन वह पहले ही अपने सिलेंडर और उपकरण को छुपा चुका था। इसी दुकान के साथ चाय वाली दुकान पर रखे घरेलू गैस सिलेंडर को टीम ने जब्त कर लिया। इसके बाद यही टीम मानव चौक पर पहुंची और यहां पर राजू बर्तन भंडार पर छापामारी कर दो सिलेंडर जब्त किए। दुकान से गैस बदलने के उपकरण भी बरामद किए गए। दुकानदार के खिलाफ विभाग ने केस दर्ज कराया है।
कोट्स
- वीरवार को कई दुकानों पर गैस रिफलिंग पकड़ने के लिए छापामारी की गई। राजू बर्तन भंडार मानव चौक पर उपकरण भी मिले। इसीलिए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। दूसरों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। व्यापारियों से अनुरोध है कि क्षमता से ज्यादा सामान को स्टाक न करें। वरना नियमानुसार कार्रवाई होगी।
- निशांत राठी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, अंबाला।