बारिश से जनजीवन बेहाल, अभी और बरसेंगे मेघ
अंबाला कैंट।
मौसम ने अब करवट बदल ली है, गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। बुधवार से आरंभ हुई बारिश वीरवार को कुछ हलकी हुई। बारिश से तापमान में बढ़िया हो गया है। वीरवार दिन का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो आगामी पांच जुलाई तक जिले में अच्छी बारिश के आसार हैं। यानी किसानों के लिए आसमान से सोना बरसेगा जिन्हें धान की रोपाई में खासी मदद मिलेगी। बुधवार अंबाला में हुई 38.4 एमएम बारिश से जलभराव की भी स्थिति कई स्थानों पर उत्पन्न हुई जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। बाजारों में सड़क किनारे पानी जमा है, जबकि कालोनियों में सड़कों तक पानी भरा है। खासकर उन कॉलोनियों के हालात खराब हैं, जहां पर रास्ते कच्चे हैं या फिर उनमें खाली प्लाट हैं। वीरवार को भी दोपहर तक बारिश होती रही, जबकि बाद में धूप भी निकली। उधर, बराड़ा में बारिश के कारण सरकारी कार्यालयों में पानी घुस गया। बरसात का पानी बस स्टैंड, एसडीएम कार्यालय और बीडीपीओ कार्यालय में घुस जाने के कारण तीनों जगह लोगों को आने-जाने के लिए परेशानियां उठानी पड़ीं। एसडीएम कार्यालय के पास पेड़ गिर गया, जबकि आवाजाही के लिए डाली गई मिट्टी से भी राहत नहीं मिली। बस स्टैंड में तो काफी पानी जमा हो गया, जिससे यात्री बस स्टैंड में जाने से कतराते रहे। इसके अलावा प्रीत नगर कालोनी की गली का रास्ता बंद होने के कारण लोग यहां साइड में लगे बिजली के ट्रास फार्मर के नीचे से होकर आवागमन करते रहे।
टांगरी नदी में पानी आने से सहमे इलाकावासी
पहाड़ों पर झमाझम बारिश होने की वजह से बरसाती नदी टांगरी में पानी आ गया है। टांगरी का जलस्तर बढ़ने से जहां टांगरी की जद में बसे इलाका वासियों में बेचैनी शुरू हो गई है, वहीं प्रशासन के भी हाथपांव फूलने लगे हैं। प्रशासन को भी टांगरी में कहीं अत्याधिक पानी आने से बाढ़ का खतरा सताने लगा है। सुबह तक नदी का जलस्तर बढ़ रहा था मगर सुबह के बाद एकाएक पानी नीचे उतरने लगा जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इलाकावासियों में अभी भी टांगरी का जलस्तर बढ़ने का मंडरा रहा है और वह पहले ही सामान की देखभाल में जुटने शुरू हो गए है।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन जुलाई तक बारिश की संभावनाएं हैं, जबकि चार व पांच जुलाई को बूंदाबांदी के आसार हैं। बारिश के कारण तापमान भी गिरेगा और लोगों को राहत मिलेगी।