अंबाला कैंट। लालकुर्ती बाजार में चोरों ने एक मंदिर को निशाना बनाकर हजारों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले मंदिर में मौजूदा पुजारी के कमरे को बाहर से कुंडा लगाया और मंदिर से नगदी व जेवरात ले उड़े। चोरी का खुलासा अलसुबह पुजारी के उठने पर हुआ। सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को दी शिकायत में पंडित देवप्रताप ने बताया कि वह रोजाना की तरह मंदिर के कपाट बंद कर अपने कमरे में सोने चला गया था। वीरवार सुबह उठकर कमरे का दरवाजा खोलने लगा तो दरवाजा बाहर से बंद था तो किसी अनहोनी का संदेह हुआ। तुरंत कमरे का पिछला दरवाजा खोलकर मंदिर में देखा तो ताले टूटे हुए थे। मंदिर में रखे गुल्लकों से भी हजारों की नगदी गायब थी और एक गुल्लक मंदिर से मुख्य दरवाजे के पास भी टूटा मिला। जबकि मंदिर में मौजूदा मूर्ति से भी आभूषण गायब थे। चोरी की सूचना तुरंत मंदिर कमेटी के सदस्यों को दी और मंदिर में लोगों का जमावड़ा लग गया। पुलिस ने मंदिर को पूरी बारीकि से जांचा। उधर, मंदिर प्रधान नवीन यादव का कहना है कि चोरी की घटना से समस्त इलाकावासियों में रोष है। पहले भी मंदिर में इसी प्रकार से चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है। लालकुर्ती से महज कुछ कदम की दूरी पर चोर बेखौफ चोरी की वारदात का अंजाम दे रहे है तो इलाके के लोग कैसे सुरक्षित है। पुलिस को चाहिए कि जल्द ही चोरों को काबू करे।