अंबाला कैंट।
सरकार की परिवहन पॉलिसी सिरे चढ़ती नहीं दिख रही है। पूर्व में जहां सरकार की परिवहन पालिसी पर रोडवेज यूनियन ने आपत्ति जताई, जबकि अब जारी की गई नई पॉलिसी पर भी दोनों पक्षों को आपत्तियां हैं। नई पॉलिसी के तहत अंबाला में 23 रूट आवंटित किए जाने हैं, जबकि प्रदेश भर में 452 रूट अलाट किए जाने हैं। अब देखना है कि यह पॉलिसी सिरे चढ़ती है या नहीं जबकि दोनों पक्ष इसे लेकर सरकार के पास जाने की तैयारियां कर रहे हैं। अंबाला में परिवहन समितियों की करीब 55 बसें हैं, जबकि प्रदेश भर में इनकी संख्या 853 है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने रोडवेज यूनियनों की आपत्ति के बाद पुरानी पॉलिसी के स्थान पर अब नई परिवहन पॉलिसी को जारी किया है। फरवरी 2017 में जारी की गई परिवहन पालिसी के तहत अंबाला में जहां 12 नए रूट दिए जा रहे थे, वहीं अब जारी नई पॉलिसी के तहत 23 रूट अलाट किए जा रहे हैं। इसी तरह फरवरी 2017 की पॉलिसी में जहां प्रदेश में 273 रूट दिए जाने थे, वहीं अब यह आंकड़ा 452 तक पहुंच गया है। लेकिन अब इस पॉलिसी पर दोनों पक्षों को आपत्ति है। रोडवेज यूनियन जहां इस पर विरोध जताते हुए परिवहन विभाग पर ध्यान न दिए जाने की बात कर रही है, वहीं इन रूटों पर परिवहन समिति बस संचालकों को भी आपत्ति है। ऐसी स्थिति में सरकार की यह पॉलिसी भी सवालों के घेरे में आती दिख रही है।
यात्री झेल रहे परेशानी
विभिन्न रूटों का मामला फंसने की वजह से अभी यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्हें अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इन रूटों पर वर्तमान समय में बसें कम है। नई बसें चल नही रही है। ऐसे में यात्री ऑटो, मैक्सीकैब आदि पर बैठने को मजबूर हैं।
यह हैं अंबाला में नए रूट
1. अंबाला शहर से भुन्नी वाया मटेहड़ी शेखां, नग्गल, जनसूई हेड
2. अंबाला शहर से मालवा वाया अंबाला कैंट, मोहड़ा, बडौला
3. अंबाला शहर से बडौली वाया अंबाला कैंट, मोहड़ा, बडौला
4. अंबाला शहर से तेजा मोहड़ी वाया सौंडा, जलबेड़ा, बहबलपुर
5. अंबाला शहर से शाहाबाद वाया सौंडा, जलबेड़ा, बहबलपुर, ठरवा, माजरी मरदों साहिब, दुराना, मालवा, बडौला, बोलपुरा
6. अंबाला शहर से लाहरशाह वाया मानव चौक, लायलपुर बस्ती
7. अंबाला शहर से जगौली वाया मटेहड़ी शेखां, बकनौर
8. अंबाला शहर से जगौली वाया मटेहड़ी शेखां, उदयपुर, बटरोहां
9. अंबाला शहर से औद्योगिक क्षेत्र वाया जगाधरी गेट, पुलिस लाइन, कालका चौक, बलदेव नगर, अंबाला कैंट बस स्टैंड, महेश नगर
10. अंबाला शहर से औद्योगिक क्षेत्र वाया जगाधरी गेट, पुलिस लाइन, माडल टाउन, अंबाला कैंट बस स्टैंड, महेश नगर
11. नारायणगढ़ से कालपी वाया कलालटी
12. नारायणगढ़ से कालपी वाया तलहेड़ी
13. अंबाला शहर से जगौली वाया मटेहड़ी शेखां, चौड़मस्तपुर, मलोहर, नकटपुर, उदयपुर, शेखुपुर
14. साहा से शाहाबाद वाया ढकौला, शीता, हल्दरी, केसरी, लंडा, लंडी
15. अंबाला शहर से ललाना वाया सौंडा, जलबेड़ा, ठरवा माजरी, मरदों साहिब, बिचपड़ी
16. अंबाला कैंट से दुधला मंडी वाया उगाड़ा बाड़ा, दुराहली, बाबाहेड़ी, ठरवा माजरी, मरदों साहिब, बिचपड़ी, ललाना
17. बराड़ा से बबैन वाया अधोया मुसलमान, अधोया हिंदुआन, तलहेड़ी रांगड़ान, अकालगढ़, संघौर
18. अंबाला शहर से शहजादपुर वाया रामपुर सरसेहड़ी ोलन मालन, अंटाला, भड़ोग, नसरौली, पटवी, धनाना
19. बराड़ा से सालापुर वाया धीन, पौंटी, जहांगीरपुर, कलावड़, जगधौली, बिंजलपुर
20. शहजादपुर से सढौरा वाया सादिकपुर, औखल, लखनौरा, बेरखेड़ी, अंबली, पहाड़ीपुर
21. शहजादपुर से रायपुररानी वाया कलालमाजरी, भेडों, कक्कड़माजरा, बागवाली, ठहरवा, हंगोला, खंडरवाला, समलहेड़ी
22. अंबाला शहर से औद्योगिक क्षेत्र वाया पालीटेक्निक चौक, कालका चौक, बलदेव नगर, अंबाला कैंट बस स्टैंड, महेश नगर
23. अंबाला शहर से औद्येगिक क्षेत्र वाया पॉलीटेक्निक चौक, कालका चौक, मोटर मार्केट, मंजी साहिब गुरुद्वारा, गीता नगरी, धूल कोट, सद्दोपुर बैरियर, बलदेव नगर, अंबाला कैंट बस स्टैंड, महेशनगर
घाटे का सौदा है ये रूट
पहले जो रूट दिए गए थे, उसके मुकाबले अब रूट तो ज्यादा हैं, लेकिन यह रूट घाटे का सौदा हैं। इन रूटों पर न तो ज्यादा सवारियां हैं और सड़कों की हालत भी खस्ता ही है। ऐसे में इन रूटों पर बसें चलाना काफी मुश्किल है। इसी को लेकर जल्द ही सरकार के सामने आपत्तियां रखी जाएंगी।
- रामनाथ राणा, जिला अंबाला प्रधान हरियाणा सहकारी परिवहन कल्याण संघ
निजीकरण करने पर तुली है सरकार
सरकार की ओर से जारी की गई परिवहन पॉलिसी पर आपत्ति है। सरकार रोडवेज विभाग पर ध्यान देने की बजाए इसका निजीकरण करने पर तुली है। इसी को लेकर रोडवेज यूनियनें बातचीत कर आगामी रणनीति तय करेंगी।
- इंद्र सिंह बधाना, प्रदेश प्रधान रोडवेज वर्कर्स यूनियन