गुजरात में बन रहे धोलेरा प्रोजेक्ट में से मिलने वाले लाभ से रुपये दोगुना करने का लालच लेकर अंबाला सहित अन्य स्थानों के 500 से अधिक लोगों से 150 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इसमें मुख्य रूप से पूर्व सैनिक शामिल हैं। इस संबंध में पीड़ितों ने एसपी को शिकायत देते हुए नेक्सा एवरग्रीन प्रा लिमिटेड कंपनी के नुमाइंदों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
आरोपियों ने बराड़ा में बताया था कार्यालय
एसपी कार्यालय शिकायत देने पहुंचे लोगों ने बताया कि उन्हें कंपनी के नुमाइंदों ने बताया था कि उनका बराड़ा में कार्यालय है और उनकी ओर से धोलेरा स्मार्ट सिटी में जमीन ली गई है और प्रोजेक्ट 2042 में पूरा हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने बताया था 50 हजार रुपये निवेश करने पर 60 सप्ताह तक में प्रति सप्ताह 1352 रुपये उनके खाते में जमा होंगे और 60 सप्ताह बाद यह रकम 81 हजार 120 रुपये पहुंच जाएगी। ऐसे ही एक लाख रुपये जमा करवाने पर 60 सप्ताह में एक लाख 80 हजार रुपये वापस मिलेंगे। अब कंपनी और उसका एप जिसके माध्यम वह लेन देन करते वह बंद हो गया है।
लोगों को बुलाने के लिए किए बड़े-बड़े सेमिनार
कंपनी ने एमडी द्वारा यह बात कही गई थी उन्होंने 1800 बीघा जमीन धोलेरा प्रोजेक्ट के तहत ली जा रही है। जैसे जैसे जमीन बिकती जाएगी उस जमीन के मुनाफे के साथ ही निवेश करने वाले लोगों को भी उसका मुनाफा दिया जाएगा और करीब दो साल में रकम दोगुना होकर लोगों को मिलेगी। वहीं लोगों से रुपये लेने के लिए अंबाला में भी बड़े-बड़े सेमिनार किए गए और लोगों को इस सेमिनारों में बड़ी-बड़ी बातों के बारे में बताया। इससे आकर्षित होकर लोगों ने अपनी जीवन भर की पूंजी लगा दी। वहीं अब कंपनी के एमडी उनकी पत्नी व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार
हमारे पास एसपी कार्यालय से शिकायत आई थी। उसी के आधार पर पीड़ितों को बुलाया गया था। अभी पता चला है वह यह है कि कंपनी ने अंबाला के 500 से अधिक लोगों से करीब 150 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। इसमें बहुत से पूर्व सैनिक भी है। आगे तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद कुमार, एसएचओ, आर्थिक अपराध शाखा, अंबाला पुलिस।