संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद महिला की नग्न तस्वीर वायरल करने की धमकी दे 15 तोले सोने के आभूषण हड़पने का मामला सामने आया है।
आरोपी ने पहले महिला को लड़की बनकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी व कई दिनों तक बात करता रहा। फिर खुद को लड़का बताकर जाल में फंसा लिया था। बाद में नग्न तस्वीर व वीडियो वायरल करने की बात कहकर धमकाया था। डर के कारण महिला से 15 तोले सोना हड़प लिया। अंबाला सिटी सेक्टर-9 थाना पुलिस ने आरोपी सहजपाल पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
महिला ने बताया कि उसकी शादी 4 फरवरी 2025 को हुई थी। 28 अगस्त को फतेहगढ़ साहिब निवासी सहजपाल ने उसे इंस्टाग्राम पर महिला बनकर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। लड़की की फोटो व नाम लगा रखा था। उस समय तो लड़की समझकर बातचीत शुरू हो गई थी। बाद में पता चला कि वो लड़का था। बाद में आरोपी ने दोस्ती का झांसा देकर उसे उर्दू का मैसेज भेजा, जिसका उसने हिंदी में अनुवाद कर रखा था। जब उस मंत्र को दो तीन बार बोलकर पढ़ने के लिए बोल। आरोपी के कहने पर वैसे-वैसे करती रही।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने झांसे में लेते हुए कहा था कि उसकी राइस मिल में घाटा पड़ गया है। लोन ना चुकाने पर सुसाइड करने की बात बोलकर 20 लाख रुपये मांगे थे। बोल रहा था कि अगर आभूषण है तो वो दे दे।
जब पैसे देने से मना कर दिया था तो आरोपी ने बोला कि उसके पास नग्न तस्वीरें व वीडियो पड़ी है, अगर सोना नहीं दिया तो वह पति व मायके भेज कर वायरल कर दूंगा।
ऐसे में वह डर गई थी। आरोपी ने उसे अंबाला के जग्गी सिटी सेंटर बुलाया था, जहां उसे सात तोले सोने के आभूषण दे दिए। जेवर लेने के बाद भी आरोपी उसे धमकाता रहा। इस तरह से आरोपी ने उससे 15 तोले सोने की ठगी की है।