पुलिस ने राहगीरों के मदद से सभी घायलों को टैंपो ट्रैवल से बाहर निकाला और शहजादपुर के सामुदायिक केंद्र पहुंचाया। यहां से छह लोगों को गंभीर हालत के चलते पीजीआई 32 रेफर कर दिया गया जबकि शेष 8 लोगों को भी इन्हीं के साथ एंबुलेंस में भेज दिया गया। घायल चालक गोलू अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस को दी शिकायत में इंदिरा कालोनी सेक्टर 17 पंचकूला निवासी गोलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 4 बजकर 15 मिनट पर अपनी टैंपू ट्रैवलर गाड़ी नंबर पीबी 01 ए- 7108 लेकर पुलिस लाइन सेक्टर 26 चंडीगढ़ से हरिद्वार रवाना हुआ था। सुबह 6 बजे एनएच 344 घडौली मोड़ ( पथरेहड़ी, शहजादपुर ) के पास पहुंचा तो सामने से एक ट्रैक्टर ट्राली आई और उनके सामने आकर अचानक कट मार दिया। इसी कारण उनकी गाड़ी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर लगते गाड़ी साथ लगते खदानों में पलट गई। राहगीरों व पुलिस ने टैंपू को सीधा करवाया। हादसे को अंजाम देकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।
यह थे गाड़ी में सवार
हादसे के वक्त गाड़ी में बिंदू पत्नी राजकुमार, रोमा पत्नी दीपक कुमार, आशा पत्नी मोनू, चंचल पत्नी पृथ्वी, राजरानी पत्नी जगन्नाथ, रियांश, मोहित, निशान, पृथ्वी राज, जगदीश, प्रीति, प्रेमलता, संदीप, रेखा सवार थे।
गाड़ी चालक गोलू की बाईं टांग टूट गई है। उसका इलाज छावनी के नागरिक अस्पताल में चल रहा है जबकि पीजीआई रेफर हुए छह घायलों में से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन सभी के सिर में गहरी चोटें आई हैं।
असंधः खेत में पलटी स्कूल बस, 10 विद्यार्थी घायल
ठरवा माजरा गांव के पास सोमवार को प्राइवेट स्कूल की बस पलट गई। बस में सवार 10 बच्चे घायल हो गए। बस ठरवा माजरा के बच्चों को लेकर स्कूल जलमाना में जा रही थी। बच्चों ने बताया कि चालक नीचे से कुछ उठाने के लिए झुका और इसी दौरान उससे कंट्रोल खो गया। खेत में उतरते हुए बस पलट गई। राहगीरों ने बच्चों को अस्पताल पहुंचाया और डॉक्टरों ने इलाज के बाद बच्चों की स्थिति को ठीक बताते हुए घर भेज दिया।
बच्चों के परिजन सुरेश कुमार ने बताया कि उनके दो बच्चे बस में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। सभी ठीक हैं। स्कूल से उनकी गुहार है कि बस पर ड्राइवर अच्छा होना चाहिए। आगे से इस तरह का कोई हादसा न हो। परिजनों का कहना है कि स्कूल को खुद ही अपनी कमियों और खामियों को दूर करना चाहिए, ताकि आगे से ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए, ताकि बच्चे सुरक्षित रहें।
लापरवाह चालक पर होगी कार्रवाई
स्कूल संचालक दुर्गादत्त ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं। वे मेरे स्कूल के विद्यार्थी नहीं, बल्कि मेरे खुद के बच्चों जैसे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। इलाज करवाया। डॉक्टरों ने हालत को ठीक बताया। सभी बच्चे अपने-अपने घर चले गए। गाड़ी पर ड्राइवर अच्छा रखा जाएगा। यदि व्हीकल और गाड़ी में कोई दिक्कत हुई तो गाड़ी नहीं भेजेंगे। भले ही उन्हें स्कूल की छुट्टी ही क्यों न रखनी पड़े। दुघर्टना की कमी का पता करवाया जाएगा। हादसे में चालक की कमी रही या गाड़ी का फाल्ट है। इसका पता किया जाएगा। लापरवाही करने वाले चालक पर कार्रवाई की जाएगी।