हाई सिक्योरिटी जोन में रही ट्विन सिटी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अंबाला आगमन पर ट्विन सिटी हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील रही। एयरफोर्स स्टेशन से लेकर जीटी रोड और चंडीगढ़ रोड तक सुरक्षा का कड़ा पहरा रहा। मुख्य जीटी रोड और चंडीगढ़ रोड पर भी कुछ समय के लिए यातायात को सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया। इतना ही नहीं कैंट में एयरफोर्स स्टेशन को जाने वाली एलेक्जैंड्रा रोड को भी बंद करके रखा गया जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।
राष्ट्रपति का विशेष विमान सवा 11 बजे अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर लैंड हुआ। विमान से उतरते ही राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सांसद रतन लाल कटारिया की बेटी की शादी समारोह स्थल की ओर गाड़ी से रवाना हो गए। उनके एयरफोर्स स्टेशन से निकलते ही एलेक्जैंड्रा रोड, जीटी रोड एवं चंडीगढ़ रोड पर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। पूरे मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे। चंडीगढ़ रोड पर स्थित एक रिसॉर्ट में राष्ट्रपति 12 बजकर तीन मिनट पर पहुंचे। यहां राज्यपाल एवं सीएम सहित प्रदेश के कई मंत्रियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। करीब 10 मिनट तक रुकने के बाद राष्ट्रपति ठीक 12 बजकर 13 मिनट पर समारोह स्थल से रवाना हुए और एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर में राज्यपाल एवं सीएम के साथ कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले गीता जयंती महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए।
25 सालों तक मिलकर काम किया : कटारिया
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के समारोह स्थल पर पहुंचते ही सांसद रतन लाल कटारिया ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रपति के साथ पुराने दिनों की याद करते हुए बताया कि उन्होंने 25 सालों तक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में मिलकर काम किया है। पिछले तीन दशकों में अनुसूचित जाति मोर्चा के माध्यम से कई बार दलितों के मुद्दों को महामहिम राष्ट्रपति और इस कार्यकाल के सभी प्रधानमंत्रियों के समक्ष उठाया है। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था मोहम्मद अकिल, डीसी शरणदीप कौर बराड़, एसपी अभिषेक जोरवाल सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार अंबाला आए
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहली बार अंबाला आए तो प्रोटोकॉल के अनुसार राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरियाणा की सामाजिक और भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर अंबाला स्थित सेना की खड्ग कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जेएस नेगी, अंबाला एयरफोर्स स्टेशन के एओसी एयर कमोडोर एलके चावला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रिल सैंडविच और दलिया बना था स्पेशल पर चाय भी नहीं पी
समारोह स्थल पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए दर्जन भर व्यंजन और नाश्ता तैयार करके रखा गया था। उम्मीद थी कि समारोह स्थल पर ही राष्ट्रपति नाश्ता करेंगे। मगर समारोह स्थल पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद केवल 10 मिनट तक रुके और इस दौरान उन्होंने वहां चाय तक नहीं पी। वीवीआईपी के लिए रिसोर्ट द्वारा किए गए प्रबंध धरे के धरे रह गए। दरअसल शुक्रवार को ही रिसोर्ट में राष्ट्रपति के नाश्ते का मेन्यू पहुंच गया था। मेन्यू में ग्रिल सैंडविच के अलावा दलिया विशेष तौर पर जिक्र था। इसके अलावा मेन्यू के अनुसार चीज सैंडविच, ग्रिल सैंडविच, मिल्क कोर्नफ्लेक, फ्रूट, ड्राई फ्रूट, बटर टोस्ट, स्टफ परांठा बनाया गया था। नाश्ते पर नजर रखने के लिए पंजाब के स्वास्थ्य विभाग और अंबाला के सीएमओ के नेतृत्व में टीम बीती शाम से ही रिसोर्ट में थी। उनकी निगरानी में ही खाना बनाया गया एवं उनके पसंद की चीजें तैयार की गई। रिसोर्ट मैनेजर राजेश यादव ने बताया कि लगभग 25 से 30 वीवीआईपी के लिए नाश्ता तैयार किया गया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाश्ते का मेन्यू मिला था और उसी के अनुसार नाश्ता तैयार किया गया था। मगर वह कुछ समय के लिए ही रिसोर्ट में रुके।