विदेश भेजने व अमेरिका में नौकरी लगवाने के नाम पर दोस्त ने दोस्त से 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली और उसका पासपोर्ट भी ले लिया। डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी आरोपी ने युवक को न तो विदेश भेजा और न ही उसका पासपोर्ट वापस किया। अब इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना अंबाला सिटी पुलिस को दी शिकायत में विजय कुमार ने बताया कि वह नाहन हाऊस, वाल्मीकि नगर, अंबाला शहर का निवासी है और उसकी मुलाकात व दोस्ती गुरप्रीत अरनेजा उर्फ सोनू के साथ 2019-20 में हुई थी। उसकी दोस्ती होने के बाद गुरप्रीत ने उसे बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है और वह उसका अमेरिका का वीजा लगवा देगा और वहां पर नौकरी पर लगवा देगा। उसके लिए उसे 14 से 15 लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद गुरप्रीत अरनेजा ने उसे विश्वास में लेते हुए उससे 6 लाख रुपये और पासपोर्ट ले लिया। कुछ समय बाद आरोपी ने उसे बकाया रकम 8 लाख रुपये मंजी साहब गुरुद्वारा के पास लेकर आने को कहा, जोकि उसके दे दिए गए। 2020 को उसने आरोपी को फोन किया तो उसका नंबर बंद मिला। इसके बाद वह जब भी उसके घर जाता तो वह उसे टालता रहा। इस तरह से डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी आरोपी ने उसे विदेश नहीं भेजा। पीड़ित ने जब उससे रुपये व अपना पासपोर्ट मांगा तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।