- हर महीने 9 प्रतिशत रिटर्न का दिया था लालच, चचेरे भाई सहित तीन के खिलाफ प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी थाना क्षेत्र में क्रिप्टो करेंसी और इंटरनेशनल शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक युवक से 13 लाख रुपये ठगे लिए। आरोपियों ने हर महीने 9 प्रतिशत तक मुनाफे का झांसा दिया और जमा पूंजी हड़प ली।
विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। श्रम, परिवहन एवं बिजली मंत्री, हरियाणा सरकार के माध्यम से प्राप्त परिवाद और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और एक अन्य साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मोची मंडी निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह ऑटोमोबाइल पेंट रिपेयर और एसेसरीज का काम करता है। वर्ष 2023 में उसके चचेरे भाई जंडली के सावन विहार निवासी मनोज शर्मा ने उससे संपर्क किया। आरोपी ने दावा किया कि वह स्टॉक और क्रिप्टो ट्रेडिंग से भारी मुनाफा कमा रहा है। आरोपी ने अपने साथी कैंट के न्यू प्रीत नगर निवासी निखिल और अपनी पत्नी शिखा के साथ मिलकर दीपक को इंटरनेशनल शेयर मार्केट में पैसा लगाने के लिए मजबूर किया। आरोपियों ने झांसा दिया कि इससे वह जल्द ही करोड़पति बन जाएगा।
आरोपियों के लगातार झूठे आश्वासनों में आकर दीपक ने 18 नवंबर 2024 को अपनी और परिवार की गाढ़ी कमाई के 13 लाख रुपये एनईएफटी के माध्यम से मुख्य आरोपी मनोज शर्मा के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों का रवैया बदल गया। जब अपना मूल निवेश और मुनाफा वापस मांगा, तो आरोपियों ने साफ इन्कार कर दिया और कहा कि उन्होंने सारा पैसा ठिकाने लगा दिया है।
सबूत मिटाने के लिए केवल व्हाट्सएप कॉल पर की बात
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए केवल व्हाट्सएप कॉल्स पर बात की और पैसों के लेनदेन से जुड़े तमाम चैट व मैसेज डिलीट कर दिए। मामले को उलझाने के लिए आरोपियों ने कुछ रकम वापस उसके खाते में भेजकर कैश में दोबारा अपने पास मंगवा ली थी। जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से एसपी ऑफिस और मंत्रियों के दरबार में गुहार लगाने के बाद मामले की जांच की गई। बैंक स्टेटमेंट और बयानों के आधार पर अपराध प्रमाणित होने पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।