धूल, मिट्टी से परेशान दुकानदारों ने डंपर रोके
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना।
एनएच-73 पर चल रहे सड़क निर्माण के चलते मिट्टी भराई में लगे डंपरों को बस स्टैंड के दुकानदारों ने रोक लिया। दुकानदारों का कहना है कि दिनरात इस सड़क से ओवरलोड डंपर मिट्टी उड़ाते हुए गुजरते हैं, जिसके चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उड़ती मिट्टी से उनकी सारी दुकानें और वहां स्थित घर मिट्टी से अट गए हैं। इस कारण उनके स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। दुकानदार इसी बात को लेकर ठेकेदार से पानी का छिड़काव करने की कई बार गुहार लगा चुके हैं, परंतु ठेकेदार हर बार पानी का छिड़काव करने का बात को अनसुनी करते हुए मनमानी करने पर तुला है। दुकानदारों ने सोमवार देर शाम को भी डंपरों को रोका और आगे ले जाने से मना कर दिया था। तब कंपनी के लोगों ने उन्हें दिन में दो बार पानी का छिड़काव कराने की बात कह मना लिया था। इसके चलते दुकानदारों ने डंपरों को वहां से जाने दिया, परंतु सुबह होते ही दर्जनों डंपरों ने फिर मिट्टी उड़ाना शुरू कर दिया। इसके चलते आसपास के दुकानदार बिफर पड़े और डंपर रोक उन्हें किसी भी सूरत में आगे न जाने की बात पर अड़ गए। दूर तक डंपरों की लाइन लग गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मेहर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने लोगों को समझाते हुए डंपर मालिकों को प्रतिदिन पानी का छिड़काव कराने की बात कह वहां से निकाला। थाना प्रभारी के प्रतिदिन छिड़काव कराने के आश्वासन पर दुकानदार माने।
मुलाना थाना प्रभारी मेहर सिंह ने बताया कि दुकानदारों ने डंपरों को रोका था। हाइवे पर काम कर रही कंपनी के पदाधिकारियों को सड़क पर पानी का छिड़काव करने को बोल दिया गया है। समस्या के हल के आश्वासन पर दुकानदार शांत होकर काम पर चले गए।