- बैंक में गिरवी रखी जमीन को बताया दोषमुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। खेड़ा गांव में जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी हो गई। आरोपियों ने बैंक में गिरवी रखी जमीन को दोषमुक्त बताकर अमरजीत सिंह से 12 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव के ही पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेड़ा गांव निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि उनके गांव के ही सुशील कुमार और उसके बेटे राजन ने उसे अपनी 2 कनाल खेती की जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया था। सौदा 14 लाख रुपये में तय हुआ। अमरजीत ने आरोपियों की बातों पर विश्वास करते हुए चेक, आरटीजीएस और नकद के माध्यम से कुल 12 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। इकरारनामे के दौरान आरोपियों ने हलफनामा दिया था कि जमीन पर कोई बैंक लोन या बकाया नहीं है।
पैसे मांगे तो जान से मारने की धमकी
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 2 मार्च 2026 को रजिस्ट्री की तारीख पर आरोपी तहसील नहीं पहुंचे। पीड़ित जब उनके घर पहुंचा तो आरोपियों ने कबूल किया कि जमीन पर पहले से बैंक लोन चल रहा है। जब अमरजीत ने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंबाला ने जांच आर्थिक शाखा को सौंपी थी। जांच में आरोप बाप-बेटे पर लगे आरोप सही पाए गए।