- कभी फंड की कमी और कभी ठेकेदार की शिथिलता से अधर में निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। तीन वर्ष बीतने के बाद भी छावनी के 12 क्रॉस रोड की पुलिया और सड़क का निर्माण अधूरा है। पिछले दिनों नगर परिषद कार्यालय में हुई बैठक के दौरान इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य मार्च माह निर्धारित किया गया था, लेकिन जब पड़ताल की गई तो हालात देखकर लगा कि अभी इस कार्य में छह माह का अतिरिक्त समय लगेगा। ऐसे में स्थानीय निवासियों के अलावा सड़क से निकलने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि सड़क के निर्माण और अधूरी पुलिया को जल्द पूरा करने के लिए कैबिनेट मंंत्री अनिल विज भी कई बार निर्देश दे चुके हैं।
नगर परिषद ने 12 क्रॅास रोड के निर्माण व पुलिया का कार्य 16 नवंबर 2023 को जारी किया था। इस दौरान पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, लेकिन एक धार्मिक स्थल के स्थानांतरण में ही एक वर्ष का समय बीत गया और परियोजना लंबित पड़ी रही। इसके बाद काम शुरू हुआ, लेकिन सड़क को समतल करने का काम अधर में छोड़ दिया गया, न तो डिवाइडर बनाया गया और न स्ट्रीट लाइट लगाई गई, वहीं जो सड़क बनाई गई है उसका लेबल भी काफी ऊंचा-नीचा है।
फंड की कमी आई आड़े
नगर परिषद ने विकास कार्य की निविदा जारी की तो ठेकेदार ने भी काम शुरू कर दिया लेकिन लगभग 20 लाख का काम करने के बाद जब ठेकेदार ने बिल नगर परिषद में दिया तो फंड की कमी के चलते यह अटक गया और इसके बाद ठेकेदार ने सड़क का निर्माण रोक दिया। लगभग छह माह तक ऐसे ही हालात रहे, जब फंड आया तो सड़क का निर्माण कर दिया गया तो पुलिया का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। लंबित कार्य को लेकर नगर परिषद ने ठेकेदार को दो बार नोटिस जारी किए और जुर्माना लगाने की बात कहीं तो ठेकेदार ने काम शुरू करवा दिया, लेकिन यह काम कम श्रमिकों के सहारे किया जा रहा है और वो भी टुकड़ों में। मौजूदा समय में तीन से चार श्रमिक ही लोहे का जाल बिछाने का काम कर रहे हैं, जबकि अधूरी पड़ी सड़क के निर्माण को लेकर कोई भी कार्यवाही नहीं हो रही।
समय की होगी बचत
सुभाष पार्क के रास्ते को अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए 12 क्रॉस रोड की सड़क नए सिरे से तैयार की जा रही है। सड़क व पुलिया को चौड़ा किया जा रहा है ताकि रिहायशी क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों को इसका फायदा मिले। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद अंबाला-जगाधरी रोड के यातायात को भी इस सड़क पर स्थानांतरित करने की योजना है। इससे वाहन चालकों के समय की काफी बचत होगी और वो बिना रुके सीधा बस अड्डे और स्टेशन तक पहुंच पाएंगे।
ठेकेदार को जल्द पूरा काम करने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी बैठक में इस पर पुन: चर्चा की जाएगी। अधूरे निर्माण को पूरा करवाने के लिए अभियंताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, अगर फिर भी काम धीमा है चल रहा है तो जानकारी लेकर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर, अंबाला