माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने अब शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (हरसेक) की रिपोर्ट और औचक निरीक्षण के आधार पर जिले में अब तक 12 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से कुछ के खिलाफ प्राथमिकी और जुर्माना लगाया गया है। धान के अवशेष जलाने के मामलों पर प्रशासन की तरफ से रेड एंट्री दर्ज भी कराई जा रही हैं।
रिपोर्ट के विश्लेषण के अनुसार, जिले की विभिन्न तहसीलों और गांवों में किसानों की ओर से पराली जलाने के मामलों में प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया है। आंकड़ों के अनुसार अंबाला-1 तहसील में सबसे अधिक पराली जलाने के आठ मामले दर्ज किए गए, जहां प्रशासनिक टीमों ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। अंबाला-2 और साहा, बराड़ा व मुलाना तहसील में एक-एक मामला सामने आया है। इस प्रकार कुल मिलाकर शुरुआती चरणों में विभिन्न क्षेत्रों से खेतों में आग की पुष्टि होने पर नियमानुसार जुर्माने और कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।
जुर्माना और रेड एंट्री का प्रावधान
जिला कृषि उपनिदेशक वजीर सिंह ने बताया कि जिन मामलों में सैटेलाइट या मैदानी निरीक्षण के दौरान खेतों में आग मिलने की पुष्टि हुई है, वहां किसानों के खिलाफ सख्त आर्थिक और प्रशासनिक दंड सुनिश्चित किया गया है। रिपोर्ट के तहत कई किसानों पर 5,000 रुपये से लेकर 30,000 रुपये तक का भारी-भरकम चालान किया गया है। साथ ही, सरकारी रिकॉर्ड में भविष्य के लिए जमीन पर रेड एंट्री दर्ज की जा रही है, जिससे किसानों को आगामी सीजन में सरकारी योजनाओं और कृषि लाभों में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इन किसानों के पर लगाया गए जुर्माने
एएफएल सूची में सबसे बड़ा 30,000 रुपये का चालान बराड़ा तहसील के गांव कंबासी निवासी धर्मवीर सिंह पर 6 एकड़ क्षेत्र में आगजनी के लिए लगाया गया है। दूसरी ओर, नॉन-एएफएल रिपोर्ट के अंतर्गत अंबाला-1 तहसील के ही तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हुई है, जिसमें गांव बलाना के बहादुर और नवनीत, गांव मानकपुर के बलदेव सिंह तथा गांव रोशनपुरा के करनैल सिंह पर 5,000-5,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया।
-
शाम के समय हुई बूंदाबांदी
वहीं, जिले में दोपहर के समय मौसम में अचानक परिवर्तन हो गया था, जिसके बाद शाम को हल्की बूदाबांदी हुई। इसके साथ ही शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा एक्यूआई भी में कमी आई। हालांकि, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की साइट न चलने के कारण एक्यूआई के आंकड़े स्पष्ट नहीं हो सके।