मंत्री के सामने कुर्सी के लिए भाजपा नेताओं में नोकझोंक
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवहन एवं जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार के नजदीक प्रथम पंक्ति में बैठने को लेकर ही भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा और विधायक असीम गोयल के चचेरे भाई रितेश गोयल के बीच तीखी तकरार हुई। भरी सभा में दोनों एक दूसरे से भिड़ गए और आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। विवाद इतना बड़ा की डॉ. शर्मा एक बार सभा से उठकर बाहर निकल गए, मगर उन्हें मुश्किल से मनाकर वापस लाए, परंतु कुछ मिनटों बाद वह फिर से उठकर चले गए। इस बीच धक्का मारने के भी आरोप लगाए गए। कुल मिलाकर कष्ट निवारण समिति की बैठक जनता की समस्याओं से ज्यादा भाजपा नेताओं की समस्याओं से ही घिरती नजर आई।
वीरवार पंचायत भवन में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। जिसमें परिवहन एवं जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। बैठक में मंत्री के पहुंचने पर उनके साथ जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, जिला सचिव रितेश गोयल सहित अन्य कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार के अपना स्थान ग्रहण करने के बाद उनके एक ओर डीसी, एसपी व नगर निगम आयुक्त बैठ गए, जबकि दूसरी ओर भाजपा के जिलाध्यक्ष, जिला परिषद के चेयरमैन और जिला सचिव रितेश गोयल बैठे थे। बैठक की कार्रवाई चल रही थी तो भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और परिवाद निपटान समिति के सदस्य डॉ. संजय शर्मा भी मंच पर पहुंच गए। मंत्री के बगल में कोई सीट खाली नहीं देख वह दूसरी लाइन में बैठे गए। इस पर एक अधिकारी ने डॉ. शर्मा को अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा। उन्होंने देखा कि उनकी सीट पर गोयल बैठे हैं। वे इसका विरोध करते हुए बैठक का बायकॉट करते हुए मंच से उतर गए। यह देख मंत्री ने डॉ. शर्मा को वापस बुलाने के लिए कहा। जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल व अन्य नेता शर्मा को मनाकर वापस लाए। मंच पर आते ही उनकी जिला सचिव रितेश गोयल से तीखी नोक झोंक हो गई। शर्मा ने रितेश पर आरोप लगाया कि उन्होंने मंच से धक्का दिया है, जबकि गोयल का कहना था कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया है। संजय शर्मा रितेश गोयल के मंच पर बैठने पर भी सवाल उठाते रहे। उन्होंने कहा कि वह कष्ट निवारण समिति के सदस्य नहीं हैं तो फिर किसी तरह से उन्हें वहां बैठाया गया। मंत्री के बार-बार समझाने के बाद दोनों बैठे, लेकिन 15-20 मिनट बाद संजय शर्मा बैठक का बायकॉट कर चले गए। बैठक के दौरान दो नेताओं के बीच हुआ यह झगड़ा चर्चा का विषय बना रहा।
कुछ गलतफहमी थी जिसे निपटा दिया
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान परिवहन मंत्री ने कहा कि डॉ. संजय पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और रितेश गोयल भी अजीज हैं। कुछ गलतफहमी हो गई थी, जिसे निपटा दिया गया है। जिला सचिव रितेश गोयल ने कहा कि वह तो विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि के रूप में वहां बैठे थे।
कष्ट निवारण समिति के सदस्यों ने ही रखे मंत्री के सामने अपने कष्ट
बैठक में मंत्री ने 13 समस्याएं सुनीं जिनमें से 12 का निवारण मौके पर ही कर दिया गया। इस दौरान लोगों के साथ-साथ कष्ट निवारण समिति के सदस्य भी अपने कष्ट सुनाने में पीछे नहीं रहे। समिति के सदस्यों का सबसे ज्यादा दर्द बिजली निगम के खिलाफ दिखाई दिया। समिति के सदस्य रमेश सिंगला ने मंत्री को शिकायत दी कि अंबाला में न तो बिजली के मीटरों की रीडिंग सही समय पर हो रही है और न ही बिजली के बिल समय पर मिल रहे हैं। अंबाला में बिजली के अघोषित कट भी लग रहे हैं। मंत्री ने इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
रूरल-अर्बन कलस्टर में शामिल गांवों के बजट का मामला पहुंचा मंत्री के दरबार
शिकायत निवारण समिति की बैठक में गैर सरकारी सदस्य नरेश चौहान ने परिवहन मंत्री के समक्ष मामला उठाते हुए कहा कि मुलाना क्षेत्र के 16 गांवों को रूरल अर्बन कलस्टर योजना के तहत शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चुना गया है, लेकिन इसका बजट न मिलने के कारण विकास कार्यों की गति धीमी है। परिवहन मंत्री ने बताया कि इस मामले में राज्य स्तर पर चर्चा हो चुकी है और शीघ्र ही इसका बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।
- सेवानिवृत्त स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक मेजर जी कुमार ने विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुई भर्ती के मामले में कार्रवाई न करने की शिकायत रखी थी। परिवहन मंत्री की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में झूठे दस्तावेज के आधार पर नौकरी पाने के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगामी जांच जारी है।
- गांव गाजीपुर के लोगों ने सरकारी भूमि से सफेदा व शीशम के पेड़ काटने के मामले में दी गई शिकायत पर जांच के मामले में परिवहन मंत्री ने डीसी को निर्देश दिए कि वे शिकायतकर्ता और जांच अधिकारी को अपने कार्यालय में बुलाकर उचित कार्रवाई करवाएं। नगर निगम क्षेत्र में बंद पड़े नलकूपों पर लोगों द्वारा किए जा रहे नाजायज कब्जे की शिकायत में परिवहन मंत्री ने उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मामले में शिकायत निवारण समिति के सदस्य सोजम चोपड़ा और रवि सहगल ने कहा कि इस मामले के अलावा भी 20 से अधिक ऐसे स्थलों पर पूर्व सरकार के कार्यकाल में अवैध निर्माण हुए हैं। परिवहन मंत्री ने उपायुक्त व निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि वे सभी स्थलों का स्वयं दौरा करें और ऐसे नाजायज कब्जाधारकों के विरुद्ध कार्रवाई करें। इसके अलावा अन्य शिकायतें भी बैठक में उठीं। मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बेड़े में शामिल होगी 650 बसें
परिवहन, आवास एवं जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि हरियाणा में परिवहन सुविधाओं में विस्तार के लिए इस वर्ष राज्य परिवहन विभाग के बेड़े में 650 नई बसें शामिल की जाएंगी। इन बसों में 150 वातानुकूलित बसें भी शामिल हैं, ताकि जिन जिलों मेें वोल्वो बस सेवा उपलब्ध नहीं है वहां से प्रमुख स्थलों के लिए वातानुकूलित बसों की सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके अलावा यात्रियों की संख्या के आधार पर 100 रूटों पर मिनी बसें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। सुनारिया जेल की सुरक्षा बढ़ाने के प्रश्न पर मंत्री पंवार ने कहा कि कैदियों व बंदियों की सुरक्षा जेल विभाग की पहली प्राथमिकता है और उसकी दृष्टि से सुरक्षा मानदंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। डेरा सच्चा सौदा मामले में अंबाला जेल में बंद हनी प्रीत द्वारा मुलाकात और फोन सुविधा को लेकर न्यायालय में दायर की गई याचिका पर परिवहन मंत्री ने कहा कि हनी प्रीत की नियमानुसार उनके परिजनों से मुलाकात करवाई जाती है और जहां तक फोन सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रश्न है इस पर न्यायालय के आदेश के बाद ही कोई कार्रवाई संभव है।