प्रस्तावित लीड प्रथम पेज पर
हमले के विरोध में 35 प्राइवेट बसों के पहिये थमे, तीन हजार यात्री परेशान
- दो प्राइवेट बसों के चालक व परिचालक पर हमले का मामला -
थमे 35 प्राइवेट बसों के पहिये, तीन हजार यात्री हुए परेशान
- प्राइवेट बस एसोसिएशन के सदस्यों ने मुलाना थाने में जताया रोष
- पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार, चार की तलाश तेज
- एसोसिएशन बोली, सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो जताएंगे विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। बीते सोमवार को दो प्राइवेट बसों के चालक व परिचालक पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को एनएच 73 पर चलने वाली 35 बसों के पहिये थमे रहे। इस कारण से जहां इस रूट पर चलने वाले यात्री खासे परेशान हुए, वहीं अन्य वाहनों के जरिये आवागमन करना पड़ा। दूसरी ओर प्राइवेट बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुलाना थाने में पहुंचकर रोष जताया और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बसों के पहिये थमने के कारण करीब तीन हजार यात्री बुरी तरह से परेशान हुए। सबसे ज्यादा प्राइवेट बस अंबाला-जगाधरी और अंबाला-नारायणगढ़ के मध्य चलती है और बसों के पहिये थमने के कारण कई यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जो रोडवेज बसें चल रही थी उनमें यात्री खचाखच भरे थे। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य की तलाश है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो सड़क पर उतरकर विरोध जताएंगे। पुलिस के आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने इन बसों को ऑन रूट कर दिया।
यह है मामला
गत दिनों यमुनानगर से सवारियों से खचाखच भरी एक प्राइवेट बस पर गांव खान अहमदपुर के नजदीक मोटरसाइकल सवार तीन युवकों ने बस को जबरन रोकने की कोशिश की। इतना ही नहीं इन युवकों ने बस पर ईंटों से भी हमला किया, जिसके बाद बस ड्राइवर बस को सवारियों सहित मुलाना थाने में ले गया। उधर, हमलावर युवकों ने अन्य युवकों को साथ लेकर बस का पीछा किया। जब हमलावर बस का पीछा करते हुए एमएम यूनिवर्सिटी चौक पर पहुंचे, तो उसी रंग की दूसरी बस मौजूद थी। इसी बस के चालक से इन युवकों ने हमला कर दिया, जबकि परिचालक से भी मारपीट की।
एसोसिएशन ने थाने में जताया रोष
इसी घटना के बाद प्राइवेट बस एसोसिएशन के सदस्यों ने मुलाना थाने में पहुंचकर विरोध जताया। सदस्यों ने कहा कि यदि प्राइवेट बसों की सुरक्षा का यही हाल रहा, तो सड़कों पर बसें चलानी मुश्किल हो जाएंगी। इस दौरान सदस्यों ने साफ कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाए। इसी घटना के विरोध में करीब 35 प्राइवेट बसों के पहिये थमे रहे, जिसके कारण लगभग तीन हजार यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
------
यह कहते हैं एसोसिएशन पदाधिकारी
प्राइवेट बस एसोसिएशन के उपप्रधान देशराज धीमान, हरजीत फौजी, कुलदीप राणा, राजेश का कहना है कि प्राइवेट बस चालक व परिचालक से मारपीट करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार प्राइवेट बस चालक के साथ इस तरह की वारदात हो चुकी हैं। पुलिस ऐसे मामलों में केवल खानापूर्ति कर रही है। पुलिस यदि ठोस कार्रवाई करे, तो आगे से ऐसी घटनाएं न हो। बता दें कि प्राइवेट बस एसोसिएशन पहले ही रूटों को लेकर रोडवेज यूनियन के साथ आमने-सामने हैं। रोडवेज यूनियन द्वारा कई बार इसका व्यापक स्तर पर विरोध भी जताया जा चुका है।
------
यह कहते हैं थाना प्रभारी
मुलाना थाना प्रभारी मेहर सिंह का कहना है कि पुलिस ने चालक व परिचालक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों जसमीत सिंह व अमनजोत सिंह को काबू कर लिया गया है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इन आरोपियों को भी पुलिस जल्द ही काबू कर लेगी।
फोटो नंबर : 48 व 49