अंबाला सिटी। गेहूं की कटाई के बाद किसानों के अप्लाई किए गए ट्यूबवेल के नए कनेक्शन लगाए जाएंगे। कनेक्शन लगाने के लिए प्रक्रिया कई महीनों से चल रही थी। अब गेहूं की कटाई के बाद खेत खाली होने पर शहर डिविजन के 108 ट्यूबवेल कनेक्शन लगाए जाएंगे। नए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी होने पर किसानों को धान के सीजन में पानी मिलने से राहत मिलेगी।
दरअसल, किसानों ने बिजली निगम में नए ट्यूबवेल कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद बिजली निगम ने 31 दिसंबर 2021 तक आवेदन करने वाले किसानों को यह कनेक्शन जारी किए हैं। यह प्रक्रिया कई महीनों से चल रही थी। अब निगम की ओर से खेत खाली होने पर पोल, ट्रांसफार्मर और तार डाली जाएंगी।
बिजली निगम शहर डिविजन के एक्सईएन सुखबीर सिंह ने बताया कि शहर डिविजन में 108 नए ट्यूबवेल कनेक्शन लगाए जाएंगे। कनेक्शन लगाने के लिए फरवरी माह में एस्टीमेट बन चुके हैं। आचार संहिता से पहले ही इसको लेकर वर्कऑर्डर जारी हो गया था। फसल कटने पर अब खेत खाली हो रहे हैं। निगम अब ट्यूबवेल कनेक्शन लगाने के लिए कार्य करेगा। इसके लिए साइट पर पोल भी पहुंचने शुरू हो गए हैं। धान का सीजन शुरू होने से पहले यह कनेक्शन लगाए जाएंगे।