बाड़ा के गुरतेज ने वेटलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, विज ने किया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। गांव बाड़ा निवासी गुरतेज सिंह ने तमिलनाडू में आयोजित 8वीं नेशनल रूरल गेम्स में 65 किलोग्राम कैटेगरी में वेट लिफ्टिंग मुकाबले में गोल्ड जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। गौरतलब है कि तमिलनाडू रूरल गेम एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता 31 अगस्त से 2 सितंबर तक तमिलनाडु में हुई जिसमें अंबाला के दो खिलाड़ियों गुरतेज सिंह और शाहपुर निवासी राहुल ने अपने खेल का अभूतपूर्व प्रदर्शन किया।
स्वास्थ्य मंत्री के मीडिया सलाहकार डा. अनिल दत्ता ने बताया कि शनिवार को शास्त्री कॉलोनी स्थित आवास पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरतेज सिंह का स्वागत किया। विज ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति के कारण ही विभिन्न खेलों में युवा मेडल जीत रहे हैं। बाड़ा के सरपंच विकास बहगल ने बताया कि बलजिंद्र सिंह के पुत्र गुरतेज सिंह ने 65 किलोग्राम वजन कैटेगरी और 95 किलोग्राम स्नैच स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। गुरतेज सिंह जीएमएन कॉलेज प्रथम वर्ष का छात्र है। गुरतेज सिंह ने बताया कि उन्होंने कोच मधु थापा की गाइडेंस में अभ्यास किया और यही कारण रहा कि वे स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब हो सके। इस मौके पर गुरनाम सिंह, सुरेंद्र सिंह, संजू पंडित, अमरीश सैनी, गुरप्रीत सिंह, गुरजीत सिंह, व गांव के अन्य लोगों ने गुरतेज का स्वागत किया।