नारायणगढ़ (अंबाला)। 100 बेड के नारायणगढ़ अस्पताल के भवन को पीडब्ल्यूडी 28 फरवरी 2025 तक स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द कर सकता है। यह डेडलाइन स्वास्थ्य विभाग को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की ओर से बताई है। ऐसे में अस्पताल का भवन लेने से पहले स्वास्थ्य विभाग ने अन्य संसाधनों को जुटाना शुरू कर दिया है।
एक सप्ताह में अस्पताल के लिए फर्नीचर पहुंच जाएगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तैयारी है कि सीएम नायब सिंह सैनी से अस्पताल का उद्घाटन कराया जाए। गौरतलब है कि नायब सिंह सैनी के दोबारा सीएम बनने के बाद से नारायणगढ़ में निर्माणाधीन 100 बेड के अस्पताल को लेकर विभागीय अधिकारी गंभीर हो गए और तेजी से इस पर कार्य शुरू कर दिया।
भूतल पर काम किया जा सकेगा शुरू
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो नारायणगढ़ का अस्पताल तीन मंजिल का है। जिसमें भूतल तो पूरी तरह से तैयार है। इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद फरवरी तक तीनों तलों को विभाग सुपुर्द करेगा। जिसमें सेंट्रल एसी की सुविधा, अग्निशमन यंत्र और भवन का अग्निशमन से जुड़ा लाइसेंस भी लेकर दिया जाएगा।
कर्मचारियों और पूर्व कर्मचारियों का होगा इलाज
नारायणगढ़ के इस भवन में ईएसआई अस्पताल भी एक तल पर बनाया जाएगा। इसमें श्रमिक वर्ग से लेकर अन्य कर्मचारियों को निशुल्क उपचार मिलेगा। इसके साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनएसथीसिया के चिकित्सक, बच्चों के चिकित्सक व सर्जन उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने दो हड्डियों के चिकित्सकों को भी तैनात करने की स्वीकृति ले ली है।