फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हसला के बाद मास्टरों ने मांगा नया ग्रेड पे, झज्जर में शिक्षक सड़कों पर उतरे

Sun, 01 Dec 2013 10:01 PM IST
झज्जर/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अपनी मांगों के लिए प्रदेश में आंदोलन कर रहे हसला के आंदोलन के बाद अब मास्टर वर्ग ने संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। मास्टरों ने झज्जर में 24 घंटे के सांकेतिक धरने और अनशन के बाद शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से जल्द समय दिलाने का आश्वासन दिया।

हरियाणा मास्टर वर्ग एसोसिएशन की हरियाणा राज्य कार्यकारिणी ने झज्जर में 24 घंटे का सांकेतिक धरना और अनशन शनिवार को आरंभ किया था।

इसका शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल के आवास पर विशाल प्रदर्शन के साथ ज्ञापन देकर समापन हुआ। इसकी अध्यक्षता प्रदेश के मुख्य संरक्षक सतपाल बूरा ने की।
 
प्रदेश अध्यक्ष रमेश मलिक ने शिक्षा मंत्री पर भेदभाव का आरोप लगाते कहा कि 2008-09 से अब तक मास्टर और टीजीटी से प्रवक्ता एवं मुख्याध्यापक हाईस्कूल की पदोन्नति न करके मास्टर वर्ग का शोषण किया जा रहा है।

पदोन्नति में अध्यापन विषय की शर्त हटाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द पदोन्नति सूची जारी की जाए।

मौलिक स्कूल मुख्याध्यापक को वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति देने पर आहरण वितरण अधिकार, दायित्व व शक्तियों देने के बारे में पत्र तुरंत जारी किया जाए।

प्रदेश महासचिव विकास शर्मा ने बताया कि कहा कि यदि प्रवक्ता को 5400 ग्रेड पे दिया जाता है तो मौलिक स्कूल मुख्याध्यापक को 5400 जीपी, मास्टर व टीजीटी को 5200 व प्राथमिक शिक्षक को 4800 का ग्रेड पे दिया जाना चाहिए।
विज्ञापन


प्रदेश मुख्य संरक्षक ने कहा कि 8 दिसंबर को हिसार में संपत सिंह को, 15 दिसंबर को कैथल में रणदीप सुरजेवाला को, 22 दिसंबर को अंबाला में विनोद शर्मा को, 25 दिसंबर को रेवाड़ी में कैप्टन अजय सिंह यादव को व 29 दिसंबर को गन्नौर में कुलदीप शर्मा को मांग पत्र सौंपे जाएंगे।

इसके बावजूद भी यदि सरकार सोई रहेगी तो दोबारा जनवरी 2014 में शिक्षा मंत्री के निवास पर लंबे संघर्ष का ऐलान कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर जिला प्रधान झज्जर नरेश कौशिक, विरेंद्र बड़ाला, डॉ. लवकेश, राजेंद्र नेहरा, सत्यनारायण शर्मा, सत्यवीर, यादवेंद्र सिंह, भगवान सिंह, करनैल सिंह, अविनाश कुमार, वीर विक्रम सिंह, राजबल सिंह, बलजीत सिंह, रामेश्वर, राकेश नरवाल, सत्यवीर गोयल, बेड़ा सिंह सहित विभिन्न जिलों के अध्यापक नेताओं ने धरने को संबोधित किया।

शिक्षा मंत्री ने बातचीत को बुलाया
मास्टर वर्ग एसोसिएशन जिस समय शिक्षामंत्री के निवास के बाहर प्रदर्शन कर रहा था, इत्तेफाक से शिक्षामंत्री अपने आवास पर पहुंची।

मास्टर वर्ग ने अपना ज्ञापन गाड़ी में देना चाहा, मगर उन्होंने संगठन के प्रतिनिधियों को अपने आवास पर बुला लिया। संगठन के पदाधिकारियों के साथ उन्होंने बात की और उनकी मांगों को सुना।

उन्होंने संगठन को आश्वासन दिया है कि विभाग के अधिकारियों के साथ उनके संगठन की बैठक कराई जाएगी और उनकी जो मांगे पहले मानी जा चुकी हैं, उनका पत्र जारी किया जाएगा। इसके  अलावा जो मांगे हैं, उन पर विचार किया जाएगा।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें