दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब आम आदमी
पार्टी (आप) ने हरियाणा में जमीन तलाशने की कवायद तेज कर दी है।
आप
के योजनाकार योगेंद्र सिंह यादव रेवाड़ी से प्रदेश में चुनावी प्रचार का
बिगुल फूंकेंगे। वे 15 दिसंबर को रेवाड़ी में जनसभा को संबोधित करेंगे। आप
की दिल्ली में धमक से हरियाणा में भी दिग्गज पार्टियों की नींद उड़ी हुई
है। आप के नेता भी दिल्ली में जश्न मनाने के दौरान हरियाणा में पैर पसारने
का ऐलान कर चुके हैं। इस जनसभा को इसी विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
आप
पार्टी की वालंटियर वनस्मिता और अमित कुमार ने बताया कि योगेंद्र यादव 15
दिसंबर को रेवाड़ी में शाम 5 बजे सेक्टर-3 स्थित गणेशी लाल धर्मशाला में एक
जनसभा को संबोधित करेंगे। योगेंद्र यादव ने पहली सभा रेवाड़ी में करने का
इस वजह से भी फैसला लिया है क्योंकि वे खुद जिले के सहारनवास गांव के रहने
वाले हैं। उनकी दो बहनें डॉक्टर नीलम यादव और पूनम यादव की शहर में मजबूत
पहचान है।
कई नेता और संगठन हैं आप के संपर्क में
दिल्ली
में विधानसभा चुनाव में 28 सीट जीतने के साथ ही हरियाणा के भी कई नेता और
संगठन आप से संपर्क साध रहे हैं। वहीं, आप द्वारा वरिष्ठ आईएएस और
भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रहे अशोक खेमका को निमंत्रण दिया जा चुका है।
हालांकि अभी तक खेमका ने इस विषय में कोई बयान नहीं दिया है। वहीं, कई
सामाजिक संगठन भी आप से संपर्क साध रहे हैं। सर्व जन मुद्दे पार्टी के
संस्थापक सत्यवीर हुड्डा ने कहा कि वे आप के योगेंद्र यादव से बातचीत कर
रहे हैं। उनके समेत कई संगठन हरियाणा में आप के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के
इच्छुक हैं।
रेवाड़ी में भी मनाया था जीत का जश्न
आम
आदमी पार्टी के जिला सदस्यों ने दिल्ली में मिली जीत पर बुधवार को शहर में
परिवर्तन मार्च निकाल कर जश्न मनाया था। इस मौके पर निशांत धींगड़ा,
सुरेंद्र भांडोरिया, दीपेश भार्गव, महेंद्र चौधरी, सुरेश सोनी, गजराज सिंह,
रामकुमार, रिंकू गुर्जर, देशराज, अश्विनी तिवारी, प्रो. अनिरुद्ध,
अनुराधा, डॉ. पूनम यादव, मनोज पनवाल, सुभाष यादव, जसवंत सिंह, मुरारीलाल
शर्मा, महेश शर्मा, सुशीला, उर्मिला, सावित्री, शकुंतला, अनीता, नीलम,
माया, संतोष, सुमन, बिमला, कृष्ण मुरारी, संजय रोहिल्ला, मंजीत यादव और
घनश्याम बंसल समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लिया था।