हरियाणा के गांव निर्जन के पास बुधवार रात सफारी सवार लोगों ने बाइक सवार सुंदरपुर निवासी जयभगवान का अपहरण कर लिया। पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया लेकिन कार सवारों का कोई सुराग नहीं लगा।
गांव सुंदरपुर निवासी जयभगवान और गांव ढिगाना निवासी रमेश बुधवार रात बाइक से सुंदरपुर जा रहे थे। गांव निर्जन के पास उनकी बाइक एक सफारी गाड़ी से टकरा गई।
गाड़ी में सवार लोगों ने जयभगवान को जबरन उठाकर गाड़ी में डाल लिया और फरार हो गए। जयभगवान के सहयोगी रमेश ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने रमेश की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।