हरियाणा में करीब 62 हजार शिक्षकों का वेतन दो माह से रोकने के विरोध में हरियाणा प्राइमरी प्राइमरी टीचर एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम राठी व प्रदेश कोषाध्यक्ष चतर सिंह ने बताया कि हरियाणा में पिछले दो माह से बहुत से शिक्षकों का वेतन अटका हुआ है।
फरीदाबाद के बहुत से शिक्षकों का दिसंबर का वेतन तीन महीने बीतने के बाद भी नहीं मिला। हजारों शिक्षकों ने बैंकों से लोन ले रखा है। ऐसे में वे किश्त नहीं भर पाने के कारण बैंकों के डिफाल्टर हो रहे हैं। ट्रेजरी से वेतन के बिल पास नहीं होने से शिक्षकों को शिक्षा निदेशालय की गलती का खामियाजा भुगतना पड़ रहा हैं।
हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन ने निदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा अंशज सिंह से मुलाकात कर दिसंबर का वेतन जनवरी के आखिरी सप्ताह में वेतन जारी कराया था लेकिन इनमें फरीदाबाद के कुछ शिक्षकों को दिसंबर 2022 का भी वेतन नहीं मिला। संघ के राज्य अध्यक्ष हरिओम राठी ने निदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा पंचकूला से मिल कर समस्याओं के समाधान आश्वासन विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों को दिया था।
दिसंबर 2022 में नियुक्त जेबीटी शिक्षकों को अब तक नहीं मिला वेतन
दिसंबर 2022 नियुक्त जेबीटी शिक्षकों का भी अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है । हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के राज्य प्रधान निदेशालय के अधिकारियों से लगातार प्रदेश के शिक्षकों का वेतन जारी करवाने के लिए प्रयासरत हैं। संघ के राज्य अध्यक्ष हरिओम राठी के मुताबिक शिक्षा निदेशालय में एलीमेंटरी शिक्षकों का वेतन संबंधी मामलों को देख रहे सहायक निदेशक मनोज वर्मा ने आश्वासन दिया है कि बुधवार सुबह तक ट्रेजरी से बिल बनने शुरू हो जाएंगे।