32464 पुलिस कर्मी मानसिक दबाव से बचाए जाएंगे
प्रदेश सरकार पुलिस कर्मचारियों की दो साल में एक बार स्वास्थ्य जांच कराएगी। यह योजना 1 जनवरी 2022 से लागू होगी। इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना से 32464 पुलिस कर्मचारियों (कुल बल का 62 प्रतिशत) के लाभान्वित होने की उम्मीद है। जांच से गंभीर स्वास्थ्य बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगेगा और इलाज करने में मदद मिलेगी। इससे पुलिस बल के स्वास्थ्य, फिटनेस और मनोबल को बढ़ावा मिलेगा। यह जांच सरकारी अस्पतालों या एजेंसी के जरिये होगी। कर्मचारियों को मानसिक तनाव से बचाकर स्वस्थ्य रखना भी इसका उद्देश्य है। चिकित्सा जांच का सारा खर्च सरकार वहन करेगी। कानून-व्यवस्था कायम रखने के साथ-साथ पुलिस कर्मचारियों के कंधों पर अपराध पर अंकुश लगाने का भी दायित्व रहता है। लंबे समय तक परिवार से दूर रहने पर मानसिक दबाव बढ़ जाता है।
रजिस्ट्री का भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए बड़ा कदम
70 एसडीएम और 22 सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्येक जिले में जमीन की खरीद-फरोख्त व संपत्ति के हस्तांतरण की रजिस्ट्री कर सकेंगे। उन्हें उप-पंजीयक और संयुक्त उप-पंजीयक नामित किया गया है। सरकार ने रजिस्ट्रियों में होने वाले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया है। तहसीलदार और नायब-तहसीलदार भी संयुक्त उप-पंजीयक बने रहेंगे। मुख्यमंत्री के पास ऊपर से नीचे तक रजिस्ट्रियों के भ्रष्टाचार की शिकायतें पहुंची हैं। इस निर्णय से तहसीलों में भीड़ कम होगी और भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों का एकाधिपत्य भी टूटेगा। जिले के किसी भी एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार व नायब तहसीलदार के पास रजिस्ट्री करा सकेंगे।
यह भी पढ़ें ः हरियाणा: मंत्रिमंडल विस्तार-पेंशन वृद्घि अभी नहीं, मार्केट कमेटी चेयरमैन लगेंगे, सीएम ने 7 साल की उपलब्धियां गिनाई
हरियाणा पंचायत संरक्षक योजना
प्रथम श्रेणी अधिकारी एक-एक पंचायत गोद लेंगे। प्रदेश में कुल 6227 पंचायत हैं। वे ग्राम पंचायत संरक्षक की भूमिका में रहेंगे। इसका उद्देश्य गांव में सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की सघन समीक्षा और ग्रामीणों के कल्याण से संबंधित मुद्दों की बेहतर समझ विकसित करना है। प्रत्येक संरक्षक सौंपी गई ग्राम पंचायत का दौरा करेगा और संबंधित ब्लॉक एवं विकास अधिकारी को सूचित कर तीन महीने में कम से कम एक बार ग्रामीणों से विचार-विमर्श करेगा। योजनाओं को प्रभावित करने वाले मुद्दों और पंचायत के सामाजिक-आर्थिक विकास के सुझावों पर रिपोर्ट तैयार कर योजना शुरू होने के एक महीने के भीतर सरकार के पोर्टल www.intrahrygov.in पर डालनी होगी। अधिकारी ग्रामीणों के कल्याण से संबंधित मुद्दों की निगरानी करेंगे। हरियाणा पंचायत संरक्षक योजना, 2021 के लिए मानव संसाधन विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। संरक्षक ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लाभों के बारे में भी बताएंगे।