हरियाणा की शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल की शूटिंग के इंतजार में धूप में तप रहे दिल्ली पब्लिक स्कूल के करीब एक दर्जन बच्चे चक्कर आने से गिर पड़े। पौने दो घंटे बाद जब भुक्कल डीपीएस पहुंचीं तब शूटिंग शुरू हुई।
दरअसल फिल्म गीतकार पद्मश्री निदा फाजली ने गाली छोड़ो अभियान पर एक गीत लिखा है। गीत बेस्ट लर्निंग सोसायटी के अध्यक्ष एवं हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य अम्बाला निवासी अशोक जैन ने लिखवाया है।
गीत को विनोद सहगल (चप्पा चप्पा चरखा चले फेम) एवं फिल्म अभिनेत्री परिणति चोपड़ा के पिता अम्बाला कैंट निवासी पवन चोपड़ा ने गाया है।
डीपीएस में बुधवार को सुबह 10 बजे करीब ढाई सौ बच्चों को बुलाया गया। भुक्कल को भी इस गीत में बच्चों के साथ फिल्माया जाना था। वह पौने बारह बजे आईं। इस बीच आदित्य, रोहन, श्रद्धेय, अंशिका, रबनूर, विदिशा सहित करीब दर्जन भर बच्चे धूप से चकरा गए। कुछ बच्चे गिर गए। रोहन की नाक से खून बहने लगा।
आयोजकों व शिक्षकों ने बच्चों को गोद में उठाया और कमरों की तरफ भागने लगे। शूटिंग में शामिल कर्मचारियों और शिक्षकों ने मीडिया को वहीं रोक लिया। आनन फानन में गाडिय़ां बुलाई गईं और बच्चों को उनके घर भिजवा दिया गया।
बिना कोई जवाब दिए लौटीं भुक्कल
गुलाबी सूट में सजी धजी गीता भुक्कल ने आने के बाद पहले मेकअप कराया और फिर कैमरे के सामने आ गई।
जो बच्चे बचे थे, उनके साथ शूटिंग हुई। गीत के बोल थे, 'बच्चों जब भी मुंह को खोलो, बोलो तुम खुशबू सा बोलो, हम करेंगे राखी का सम्मान, गाली कभी न देंगे...।
शूटिंग के बाद जब मीडिया ने शिक्षा मंत्री से चक्कर खाकर गिरे बच्चों के बारे में पूछा तो वह बगैर कोई जवाब दिए आगे बढ़ गई।