गोरखपुर चिड़ियाघर में दर्शक जल्द ही जेब्रा भी देख सकेंगे। इस्रायल से लाए गए और फिलहाल लखनऊ चिड़ियाघर में रखे गए जेब्रा को यहां लाने की तैयारी तेज हो गई है। गोरखपुर चिड़ियाघर से लखनऊ भेजे गए जू कीपर और जेब्रा के बीच तालमेल अच्छा हो गया है। चिड़ियाघर के पशु चिकित्सक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि जेब्रा के बाड़े में सुधार और सफाई का कार्य किया जा रहा।
‘भवानी’ को भा रहा सूप, भोजन में ‘चंडी’ खाने लगी मांस
मेरठ और बिजनौर से आए तेंदुए के शावकों का नया ठिकाना अब चिड़ियाघर हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों शावकों का नाम चंडी और भवानी रखा था। अब दोनों ने अपना आहार लेना भी शुरू कर दिया है। चंडी भवानी से उम्र में बड़ी है तो उसे भोजन में अब मांस दिया जा रहा, जबकि भवानी को मांस की जगह सूप दिया जा रहा है।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि भवानी तीन माह की है, जबकि मेरठ से भेजी गई चंडी साढ़े पांच माह की हो गई है। बताया कि अब चंडी को मिट्टी के स्पर्श से जोड़ा जाएगा।
दरअसल, अभी दोनों को मिट्टी के संपर्क से दूर रखा गया है। अभी तक दोनों को अस्पताल के ही नियोनेटल केयर वार्ड में रखा गया था। इसके क्रॉल में रखकर उन्हें भोजन दिया जा रहा है। तैयारी है कि अगले महीने में इन्हें अस्पताल के क्रॉल से निकालकर बाड़े के क्रॉल में बाहर रखा जाए।