उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सियरहीभार में गुरुवार देर रात बाइक की तेज आवाज का विरोध करने पर मारपीट हो गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई तथा उसके पांच परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां क्षेत्र के सियरहीभार निवासी एकरार अपने रिश्तेदार जाफर के साथ अपनी भांजी यासमीन का दवा कराने गया था। भांजी यासमीन का पैर टूट गया है, जिसका ऑपरेशन हुआ है। ऐसे में यासमीन को लेकर प्रत्येक तीसरे दिन पट्टी बदलवाने जाना पड़ता है।
गुरुवार की रात में पट्टी बदलवाकर वापस आते समय आशिक के दरवाजे के सामने खड़े इसरार ने एकरार को रोका और कहा कि बाइक की इतनी तेज आवाज करके क्यों जा रहे हो। इसी बात को लेकर दोनो में कहासुनी हो गई। विवाद इस कदर बढ़ गया कि महबूब, आशिक समेत दर्जनों लोग इकट्ठे हो गए और लाठी डंडो से एकरार पर हमला बोल दिया। एकरार भागकर अपने घर में जाना चाहा लेकिन घर में घुसकर उसकी पिटाई की गई।
बीच- बचाव करने आए एकरार के पिता मोहम्मद आलम (55), भाई अब्दुल्ला (28), हमिदुल्लाह (25), बहन रूक्साना (35) तथा पत्नी अम्बरी खातून (28) को भी मारा- पीटा गया। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल एकरार को सीएचसी परतावल भिजवाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज जाते समय रास्ते में एकरार की मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर आनंद गुप्ता ने बताया कि मृतक के भाई हमीदुल्लाह की तहरीर पर आशिक अली, इसरार, महबूब अली समेत नौ लोगों के खिलाफ धारा मुकदमा दर्ज कर आशिक व इसरार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पिता की राह देख रहे मासूम
श्यामदेउरवां क्षेत्र के सियरहीभार में मारपीट में एकरार (30) की मौत हो गई। राजगीर मिस्त्री का काम करने वाले मृतक एकरार की तीन बेटी और एक बेटा हैं। मां अम्बरी खातून को रोता देख बच्चे भी रो रहे हैं। मासूम अपने पिता के घर आने की राह देख रहे हैं। सीफा (10), छोटी (08), रकीबा (06), फरहान (04) के सिर से पिता का साया उठ गया।