चिल्लूपार। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के दवनाडीह गांव के पास तरैना नाले पर बने पुल से बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे युवक गिरकर गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने नाले में उतरकर तलाश की लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
डूबे युवक की पहचान नीलकंठ कोड़र गांव निवासी अभिषेक प्रसाद (23) पुत्र शिवप्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अभिषेक नाले में नहाने गया था। इसी दौरान वह पुल से नीचे गिर गया और गहरे पानी में समा गया। सूचना पर बड़हलगंज पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। नायब तहसीलदार जयप्रकाश ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद तलाश अभियान तेज किया जाएगा। अभिषेक चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है।